एजुकेशन

UPPCS 2025 का रिजल्ट रद्द! इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले से मेंस और इंटरव्यू देने वालों को बड़ा झटका, जानें पूरा विवाद

उत्तर प्रदेश पीसीएस भर्ती 2025 की चयन प्रक्रिया को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा के घोषित परिणाम को रद्द करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है।

Image

UPPCS 2025 का रिजल्ट रद्द (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

Allahabad High Court UPPCS Decision: उत्तर प्रदेश पीसीएस भर्ती 2025 की चयन प्रक्रिया को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा के घोषित परिणाम को रद्द करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। इस फैसले का असर उन उम्मीदवारों पर भी पड़ेगा, जो पहले ही मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया में शामिल हो चुके हैं। अब आयोग को संशोधित प्रीलिम्स रिजल्ट के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यानी नए परिणाम में सफल होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके बाद संशोधित परिणाम के आधार पर इंटरव्यू भी दोबारा आयोजित किए जाएंगे।

जानें पूरा विवाद?

यह मामला आरक्षित वर्ग के उन मेधावी उम्मीदवारों से जुड़ा है, जिनके अंक अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक होने का दावा किया गया था। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि ज्यादा अंक होने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में जगह नहीं मिली और वे मुख्य परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गए।

उम्मीदवारों ने कोर्ट में दलील दी कि ओपन कैटेगरी सभी वर्गों के लिए होती है। इसलिए मेरिट के आधार पर अनारक्षित वर्ग की कटऑफ से अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कौन हैं यूपीपीएससी के नये अध्यक्ष आलोक सिंह

आयोग को देना होगा वर्गवार ब्योरा

हाईकोर्ट ने आयोग से यह जानकारी मांगी है कि आरक्षित श्रेणियों के कितने उम्मीदवारों ने अनारक्षित वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक हासिल किए हैं। इस जानकारी के आधार पर नई मेरिट तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

कितने उम्मीदवार हुए थे सफल?
चयन प्रक्रियाउम्मीदवारों की संख्या
कुल आवेदन6,26,387
प्रीलिम्स में शामिल2,65,270
मेंस के लिए सफल11,727
मेंस में शामिल10,284
इंटरव्यू के लिए सफल2,297

क्या प्रीलिम्स परीक्षा दोबारा होगी?

उम्मीदवारों के अधिवक्ता के मुताबिक, प्रारंभिक परीक्षा दोबारा कराने के बजाय पहले आयोजित परीक्षा के अंकों के आधार पर नई मेरिट तैयार की जाएगी। इसमें योग्य मेधावी आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ओपन कैटेगरी में जगह दी जाएगी। इसके बाद संशोधित मेरिट के आधार पर मुख्य परीक्षा और फिर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होगी। यानी पहले आयोजित मेंस और इंटरव्यू के आधार पर चयन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article