UNICEF Day: हर साल पूरे विश्व में 11 दिसंबर को यूनिसेफ स्थापना दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर, 1946 को यूनिसेफ एक प्रकार का (United Nations Children’s Fund) संयुक्त राष्ट्र बाल आपातकालीन कोष संगठन का गठन किया था। इस संगठन के गठन का लक्ष्य द्वितीय विश्व युद्ध के बाद आपूर्ति, सहायता और स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और बच्चों के सामान्य कल्याण में सुधार करना था। द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति के बाद पूरी दुनिया में भुखमरी और कुपोषण जैसी समस्या उत्पन्न हो गई थी। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित छोटे बच्चे थे। यह संगठन खासकर बच्चों के उत्थान के लिए काम करती है। यह संगठन 1953 में संयुक्त राष्ट्र की एक स्थाई एजेंसी बन गया था।
इस दिन पूरी दुनिया में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जिसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधि सम्मिलित होते हैं। इन सम्मेलनों में बच्चे के जीवन को और बेहतर बनाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने की रूपरेखा तैयार की जाती है। जिसके आधार पर पूरे वर्ष बच्चों के उत्थान के लिए काम किया जाता है। यूनिसेफ विशेष रूप से कम विकसित देशों और विभिन्न आपातकालीन स्थितियों में बच्चों के जीवन में सुधार के लिए कई तरह के कार्यक्रम चलाता है।
विश्व भर में कैसे मनाया जाता यूनिसेफ डे
यूनिसेफ संगठन से जुड़े हुए सभी देश 11 दिसंबर को अपने यहां खास कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। इसमें बच्चों के उत्थान से जुड़े संगठनों और प्रतिनिधि को बुलाया जाता है। जिसमें उन्हें यूनिसेफ के आगामी कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ उनसे भी सुझावों मांगे जाते हैं। इन सुझाव के आधार पर यूनिसेफ अपनी योजनाएं बनाता है। इसके अलावा जिन देशों में बच्चों की स्थिति काफी दयनीय है, उनकी स्थिति में सुधार करने के लिए आर्थिक मदद की घोषणाएं की जाती है। आज के समय में यूनिसेफ संगठन के साथ मिलकर 190 देश काम कर रहे हैं।
यूनिसेफ दिवस 2022 की थीम
हर साल यूनिसेफ दिवस अलग-अलग थीम पर माना जाता है। इस बार यूनिसेफ दिवस 2022 की थीम ‘धरती पर हर बच्चे को बेहतर और स्वस्थ जीवन जीने का अधिकार’ है। यूनिसेफ इस संदेश को पूरी दुनिया में फैलाता है और बच्चों की बेहतरी के लिए काम करता है। इस यूनिसेफ दिवस पर, हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हर योगदान मायने रखता है और मूल्यवान है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।
