Rainy season shoe hacks: बरसात का मौसम दफ्तर या फिर काम पर बाहर जाने वालों के लिए कई तरह की परेशानियां भी लेकर आता है। सबसे ज्यादा दिक्कत तब होती है जब आपके जूते बारिश में बुरी तरह से गीले हो जाते हैं। कपड़े तो फिर भी कुछ घंटों में सूख जाते हैं, लेकिन जूते कई दिन लगा देते हैं। बहुत से लोग इस परेशानी से गुजरते हैं। ऐसे में ये जानना जरूरी है कि बारिश से भीगे जूतों को जल्दी कैसे सुखाएं। अगर आपके जूते भी बारिश में भीग गए हैं, तो ये आसान उपाय उन्हें जल्दी सुखाने और लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं:
1. अखबार भर दें
गीले जूतों के अंदर सूखा अखबार भर दें। अखबार नमी सोख लेता है और जूतों का आकार भी बना रहता है। अगर अखबार ज्यादा गीला हो जाए, तो उसे कुछ घंटों बाद बदल दें। हल्के रंग के जूतों में रंगीन अखबार का इस्तेमाल न करें।
2. पंखे की हवा का लें सहारा
जूतों को तेज धूप में रखने के बजाय पंखे के सामने रखें। लगातार मिलने वाली हवा जूतों को धीरे-धीरे सुखाती है और उन्हें नुकसान भी नहीं पहुंचाती।
3. इनसोल और फीते निकाल दें
जूतों के फीते और इनसोल सबसे ज्यादा नमी पकड़कर रखते हैं। इन्हें अलग निकालकर सुखाने से हवा अंदर तक पहुंचती है और पूरा जूता जल्दी सूख जाता है।
4. सिलिका जेल पैकेट रखें
नए जूतों या दूसरे सामान के डिब्बों में मिलने वाले सिलिका जेल पैकेट फेंकने की बजाय संभालकर रखें। इन्हें जूतों के अंदर रातभर रखने से नमी तेजी से कम होती है। खासकर लेदर शूज के लिए यह तरीका काफी कारगर माना जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गीले जूतों के साथ कभी ना करें ये गलतियां
5. बदबू दूर करेगा बेकिंग सोडा
जूते लगभग सूख जाएं तो उनके अंदर थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़क दें और रातभर छोड़ दें। यह बची हुई नमी सोखने के साथ-साथ बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया को भी कम करने में मदद करता है।
6. तेज गर्मी से बचाएं
हेयर ड्रायर की तेज गर्म हवा, हीटर या कड़ी धूप जूतों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इससे जूते सिकुड़ सकते हैं, लेदर फट सकता है। इसलिए उन्हें प्राकृतिक हवा में ही सुखाना बेहतर रहता है।
7. एक ही जोड़ी रोज न पहनें
अगर रोज बारिश में बाहर निकलना पड़ता है, तो कम से कम दो जोड़ी जूतों का इस्तेमाल करें। इससे एक जोड़ी को पूरी तरह सूखने का समय मिल जाता है और जूतों की उम्र भी बढ़ती है।
बारिश के मौसम में थोड़ी सी सावधानी आपके जूतों को लंबे समय तक नया बनाए रख सकती है। सही तरीके से सुखाने पर न सिर्फ बदबू और फंगस से बचाव होता है, जूतों की मजबूती और आराम भी बरकरार रहता है।
