How to Help Anxious Child: बच्चों का छोटी-छोटी बातों पर घबराना आम है। दिक्कत तब होती है जब बात-बात पर घबराना बच्चे की प्रवृत्ति बन जाए। ऐसे में बतौर पेरेंट्स हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम बच्चे की घबराहट का कारण समझें और उसे दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए। दरअसल बच्चों में घबराहट डर, अनजान माहौल या तनाव के कारण हो सकती है। सही देखभाल और प्यार से इसे संभाला जा सकता है। आइए जानते हैं बच्चों की घबराहट दूर करने के कुछ कारगर उपाय:
1. बच्चे की बात सुनें: जब बच्चा डर या चिंता जताए, तो उसकी भावनाओं को हल्के में न लें। उससे प्यार से पूछें कि क्या बात है। उसे यह एहसास दिलाएं कि आप उसके साथ हैं।
2. शांत रहें: आपका गुस्सा या चिड़चिड़ाहट बच्चे को और डरा सकती है। इसलिए उससे जब भी बात करें या फिर कुछ पूछें तो लहजा नर्म और प्यार भरा हो।
3. डेली रुटीन सेट करें: बच्चों को नियमित दिनचर्या से सुरक्षा का एहसास होता है। सोने, खाने और खेलने का समय निश्चित करें।
4. सकारात्मक माहौल बनाएं: डरावनी कहानियां या फिल्में दिखाने से बचें। इसके बजाय, हल्के-फुल्के गेम्स खेलें या फिर कहानियां सुनें और सुनाएं।
5. आत्मविश्वास बढ़ाएं: बच्चे को छोटी-छोटी जिम्मेदारियां दें, जैसे अपने खिलौने समेटना। उनकी तारीफ करें, ताकि वे सुरक्षित और आत्मविश्वासी महसूस करें।
अगर घबराहट ज्यादा हो, तो खेल-खेल में मदद करें। जैसे, डर को दूर करने के लिए उनके साथ रोल-प्ले करें या गहरी सांस लेने की प्रैक्टिस करवाएं। याद रखें कि माता-पिता का धैर्य और प्यार बच्चे की घबराहट को कम करने में सबसे बड़ा सहारा है। बस प्यार से समझें और साथ दें। इसके बाद भी अगर समस्या गंभीर लगे, तो किसी बाल मनोवैज्ञानिक से सलाह लें।
