लाइफस्टाइल

नवरात्रि व्रत में क्यों हो जाती है कब्ज-गैस, डाइजेशन बिगड़ने की क्या है वजह, जानिए कैसे पाएं राहत

Digestive Problems In Navratri Fast: आपने अक्सर देखा होगा कि नवरात्रि व्रत में बहुत से लोगों को कब्ज, गैस और अपच की परेशानी हो जाती है। इसके पीछे की वजह खानपान में अचानक बदलाव और गलत आदतें होती हैं। लेकिन सवाल यह है कि आखिर इससे कैसे बचा जा सकता है, डाइजेशन को ठीक रखने के लिए क्या करें? चलिए आज आपको बताते हैं...

Image

नवरात्रि व्रत में गैस-कब्ज से कैसे बचें (Pc- AI)

Digestive Problems In Navratri Fast: क्या आप जानते हैं नवरात्रि का व्रत सिर्फ आस्था से नहीं, बल्कि हमारी लाइफस्टाइल से भी जुड़ा होता है। लेकिन सच ये है कि व्रत रखते ही कई लोगों का पेट साथ देना बंद कर देता है। कभी कब्ज की शिकायत, तो कभी गैस और भारीपन, नवरात्रि व्रत के दौरान ये दिक्कतें काफी आम हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि हम अचानक अपनी खाने-पीने की आदतें बदल देते हैं। शरीर को एडजस्ट होने का समय नहीं मिलता और डाइजेशन गड़बड़ा जाता है। अच्छी बात यह है कि अगर थोड़ी सी समझदारी से खानपान रखा जाए, तो इन समस्याओं से आसानी से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं कैसे...

अचानक बदल जाता है खाने का तरीका

नवरात्रि में हम रोज की रोटी-सब्जी छोड़कर साबूदाना, कुट्टू, सिंघाड़ा और आलू जैसी चीजें ज्यादा खाने लगते हैं। ये पेट भर तो देती हैं, लेकिन कई बार पचने में भारी होती हैं। इनमें फाइबर कम होने से पेट साफ नहीं हो पाता और कब्ज शुरू हो जाती है।

पानी की कमी भी बढ़ाती है परेशानी

अक्सर व्रत के दौरान लोग पानी पीना कम कर देते हैं। कुछ लोग बार-बार उठकर पानी पीने से बचते हैं, तो कुछ को प्यास ही कम लगती है। लेकिन यही आदत डाइजेशन को धीमा कर देती है, जिससे गैस और कब्ज दोनों बढ़ने लगते हैं।

ज्यादा तला-भुना खाना बिगाड़ता है पेट

व्रत में तली हुई चीजें जैसे साबूदाना वड़ा या कुट्टू की पूड़ी खाने का मन ज्यादा करता है। लेकिन ये चीजें पेट के लिए भारी होती हैं। ज्यादा तेल वाला खाना पेट में गैस, जलन और अपच का कारण बन जाता है।

लंबे समय तक खाली पेट रहना सही नहीं

कई लोग व्रत में घंटों तक कुछ नहीं खाते, जिससे पेट में एसिड बनने लगता है। जब ये एसिड बढ़ता है, तो गैस, खट्टी डकार और पेट दर्द जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं।

फाइबर की कमी से बढ़ती है कब्ज

व्रत के दौरान हरी सब्जियां और साबुत अनाज कम हो जाते हैं, जिससे शरीर को पर्याप्त फाइबर नहीं मिल पाता। फाइबर की कमी का सीधा असर पाचन पर पड़ता है और पेट साफ होने में दिक्कत होती है।

कैसे रखें डाइजेशन को ठीक

अगर आप व्रत में भी पेट को आराम देना चाहते हैं, तो दिनभर थोड़ा-थोड़ा खाते रहें। पानी, नारियल पानी और छाछ जैसे तरल पदार्थ ज्यादा लें। फल और दही को डाइट में जरूर शामिल करें। तला-भुना कम खाएं और हल्का, उबला या भुना खाना चुनें। सुबह गुनगुना पानी पीना और हल्की वॉक करना भी काफी फायदेमंद रहता है।

थोड़ी सी समझदारी और सही आदतें अपनाकर आप नवरात्रि का व्रत बिना किसी पेट की परेशानी के आराम से पूरा कर सकते हैं।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article