लाइफस्टाइल

Best Places to Visit Near Udaipur: उदयपुर ही नहीं उसके आस-पास की ये जगहें भी जरूर घूमकर आएं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 19, 2022, 06:55 PM IST

Best Places to Visit in Udaipur: राजस्थान की लेक सिटी उदयपुर देश के सबसे सुंदर शहरों में से एक है।अगर आप न्यू ईयर पर यहां आना प्लान कर रहे हैं तो इस खूबसूरत शहर के आस पास की कई जगहें भी आप घूम सकते हैं। ये सभी जगह इतिहास और गौरव अपने आप में समेटे हुए है। तो चलिए आपको बताते हैं ऐसी ही जगहों के विषय में जो उदयपुर के नजदीक हैं और लेक सिटी को घूमने के दौरान आप इन्हें भी अपनी ट्रिप में शामिल कर सकते हैं।

Image

उदयपुर ही नहीं उसके आस-पास की ये जगहें भी जरूर घूमें

KEY HIGHLIGHTS
  • उदयपुर में इन जगहों पर जाना है जरूरी
  • उदयपुर के पस्स है एकलिंगजी मंदिर
  • घूमने के लिए उदयपुर के आस पास हैं काफी जगहें

Best Places to Visit in Udaipur : राजस्थान की लेक सिटी उदयपुर देश के सबसे सुंदर शहरों में से एक है। यह पर्यटकों का फेवरेट डेस्टिनेशन है और यही कारण है कि यहां हर साल लाखों पर्यटक घूमने आते हैं। झीलों से घिरा यह शहर जितना सुंदर है यहां का जायका उतना ही लाजवाब। कई फेमस सेलेब्स की वेडिंग की गवाह बनी यह सिटी इतिहास के साथ आधुनिकता की झलक दिखाती है। शानदार किले, हरियाली से घिरी पहाड़ियां, सुंदर झीलें, वाटर स्पोर्ट्स, बोट राइड और भी बहुत कुछ है यहां करने को। सबसे खास बात ये है कि अगर आप उदयपुर का ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो यहां से करीब 100 किलोमीटर की दूरी में ही आपको कई शानदार डेस्टिनेशन घूमने के लिए मिल जाएंगे। तो चलिए आपको बताते हैं ऐसी ही जगहों के विषय में जो उदयपुर के नजदीक हैं और लेक सिटी को घूमने के दौरान आप इन्हें भी अपनी ट्रिप में शामिल कर सकते हैं।

एकलिंगजी मंदिर

उदयपुर से दूरी - 21 किलोमीटर

उदयपुर से मात्र 21 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है एकलिंगजी मंदिर। इस मंदिर में प्रवेश करते ही आपको मानों एक एनर्जी का एहसास होता है। इस मंदिर का निर्माण 8वीं शताब्दी में मेवाड़ के संस्थापक बप्पा रावल ने करवाया था। हालांकि इस मंदिर को ध्वस्त करने के लिए इसपर लगातार आक्रमण किए गए। जिसके बाद 15वीं शताब्दी में राणा कुंभा के बेटे राणा रायमल ने इसका फिर से निर्माण करवाया। दो पहाड़ियों के बीच विराजित एकलिंगजी मंदिर परिसर में 108 मंदिर हैं। इस स्थान का नाम वैसे कैलाशपुरी है, लेकिन इस भव्य मंदिर के कारण इसे एकलिंगजी ही कहा जाता है।

दिलवाड़ा

उदयपुर से दूरी - 26 किलोमीटर

उदयपुर से सिर्फ 26 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है देलवाड़ा। इसे 'टाउन ऑफ गॉड' कहा जाता है। क्योंकि यहां छोटे-बड़े करीब 1200 से ज्यादा मंदिर हैं, जिनमें से करीब 400 जैन मंदिर हैं। यहां का दिलवाड़ा मंदिर वास्तुकला का बेजोड़ उदाहरण है। इस मंदिर का निर्माण 11वीं और 13वीं शताब्दी के बीच करवाया गया था। सफेद मार्बल पर की गई नक्काशी बेहद खूबसूरत है। मंदिर का हर स्तंभ अद्भुत नक्काशी में गढ़ा गया है।

नाथद्वारा

उदयपुर से दूरी - 50 किलोमीटर

नाथद्वारा में है विश्व प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर। यह उदयपुर से 50 किलोमीटर दूर है। श्रीनाथ जी मंदिर में श्रीकृष्ण विराजित हैं। इस मंदिर को ठाकुर जी की हवेली भी कहा जाता है। इसका निर्माण 1672 में गोस्वामी दामोदर दास बैरागी ने करवाया था। मंदिर में हर साल देश विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। इसी के साथ नाथद्वारा में है विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा। गणेश टेकरी पहाड़ी पर बनी 369 फीट की इस प्रतिमा को नाम दिया गया है स्टैच्यू ऑफ बिलीफ। इसके निर्माण में 30 हजार टन धातु का उपयोग किया गया है।

राजसमंद

उदयपुर से दूरी - 60 किलोमीटर

राजसमंद झील के किनारे बसा यह छोटा सा शहर आपको खूबसूरती के साथ सुकून और शांति देगा। राजसमंद उदयपुर से करीब 60 किलोमीटर दूर है। राजसमंद एक कृत्रिम झील है जिसका निर्माण 17वीं शताब्दी में राणा राजसिंह के शासनकाल के दौरान किया गया था। यहां कई अच्छे रिसोर्ट हैं जहां आप शानदार नजारे और शांत वातावरण को महसूस कर सकते हैं।

कुम्भलगढ़

उदयपुर से दूरी - 84 किलोमीटर

चीन की दीवार के बाद दूसरी सबसे लंबी दीवार देखना चाहते हैं तो आप कुम्भलगढ़ जरूर जाएं। उदयपुर से मात्र 84 किलोमीटर की दूरी पर है यह शानदार जगह। यहां बना 15वीं शताब्दी का विशाल किला आपको उस काल के वैभशाली इतिहास की गवाही देगा। इस किले की संरचना राणा कुंभा ने बनाई थी। इस किले पर विजय पाना दुश्मनों के लिए नामुमकिन था, कारण था इसकी 36 किलोमीटर में फैली मजबूत दीवारें। किला परिसर इतना बड़ा है कि यहां सैकड़ों लोगों के रहने की व्यवस्था है। यहां 300 से ज्यादा मंदिर भी परिसर में मौजूद हैं।

रणकपुर

उदयपुर से दूरी - 94 किलोमीटर

वास्तुकला का बेजोड़ उदाहरण है रणकपुर का मंदिर। मार्बल से बना यह खूबसूरत मंदिर देखने में आपको कई घंटों का समय चाहिए। यहां का हर स्तंभ अपने आप में वास्तुकला की कहानी बयां करता है। मुख्य द्वार का उपर बनी छतें आप देखते रह जाएंगे। यह मंदिर जैन तीर्थंकर ऋषभनाथ को समर्पित है। मंदिर परिसर में अन्य जैन तीर्थंकरों के भी मंदिर हैं। रणकपुर उदयपुर से करीब 94 किलोमीटर दूर है।

न भूलें इन जगहों पर जाना

इन सबसे के अलावा उदयपुर के आस-पास कई और जगह भी हैं जहां आप जा सकते हैं। अलसीगढ़ इन्हीं में से एक है। यह उदयपुर से मात्र तीस किलोमीटर की दूरी पर है। अरावली पर्वतमाला से घिरी यह जगह बेहद खूबसूरत है। इसी के साथ आप हल्दीघाटी भी जा सकते हैं। यहां महाराणा प्रताप और अकबर के बीच ऐतिहासिक हल्दीघाटी युद्ध हुआ था। यह उदयपुर से मात्र 48 किलोमीटर दूर है। ढेबर झील भी उदयपुर के नजदीक है। महाराणा जयसिंह के काल में बनी यह झील दुनिया की दूसरी सबसे पुरानी कृत्रिम मीठे पानी की झील मानी जाती है। यहां आप जयसमंद वाइल्ड लाइफ सेंचुरी भी देख सकते हैं, जो उदयपुर से 59 किलोमीटर दूर है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article