लाइफस्टाइल

रिश्ता कैजुअल है, दिल नहीं! Casual Relationship की वो छिपी कीमत जो अक्सर बाद में समझ आती है

जुअल रिश्ता बाहर से आसान और बिना जिम्मेदारी वाला लग सकता है, लेकिन हर व्यक्ति इसे एक तरह से महसूस नहीं करता। बदलती उम्मीदें, बढ़ता लगाव और अधूरी बातचीत रिश्ते को उलझा सकती हैं। खुद की जरूरत समझना और खुलकर बात करना जरूरी है।

Image

रिश्ता कैजुअल है, दिल नहीं!

आज के समय में रिश्तों के मायने पहले से काफी बदल गए हैं। लोग एक-दूसरे को जानने के लिए डेट करते हैं, कुछ लोग बिना भविष्य की प्लानिंग के साथ रहना पसंद करते हैं और कुछ रिश्तों को नाम देने की जल्दी नहीं करते। कैजुअल रिलेशनशिप भी इसी बदलती डेटिंग दुनिया का हिस्सा है। शुरुआत में यह व्यवस्था काफी हल्की और आसान लग सकती है। दोनों अपनी जिंदगी में व्यस्त रहते हैं, मिलते हैं, बातें करते हैं और एक-दूसरे की कंपनी का आनंद लेते हैं, लेकिन भविष्य को लेकर कोई बड़ा वादा नहीं करते।

हालांकि परेशानी तब शुरू हो सकती है जब रिश्ते में मौजूद दो लोगों की भावनाएं एक जैसी न रहें। एक व्यक्ति इसे वहीं रखना चाहता है, जहां से शुरुआत हुई थी, जबकि दूसरा धीरे-धीरे उससे ज्यादा उम्मीद करने लगे। तब सामने वाले का छोटा-सा बदलाव भी बड़ा लगने लगता है। मैसेज का देर से आना, अचानक कम मिलना या बातचीत में बदलाव मन में कई सवाल पैदा कर सकता है। इसलिए किसी रिश्ते को सिर्फ उसके नाम से नहीं, बल्कि उसमें आपकी वास्तविक भावनाओं से समझना ज्यादा जरूरी है।

जब ‘कैजुअल’ शब्द और दिल की जरूरत अलग हो जाए

किसी रिश्ते को कैजुअल कहना आसान है, लेकिन अपनी भावनाओं को उसी सीमा में रखना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। साथ समय बिताते-बिताते अपनापन बढ़ सकता है और फिर रिश्ता पहले जैसा हल्का महसूस नहीं होता। यहीं पर खुद से ईमानदार होना जरूरी है। अगर आपको लग रहा है कि आपकी उम्मीदें बदल चुकी हैं, तो उन्हें नजरअंदाज करने के बजाय स्वीकार करना बेहतर है।

बड़ी है रिश्ते की कहानी

किसी नए व्यक्ति से मिलने का उत्साह बहुत खूबसूरत हो सकता है। बातचीत में मजा आता है, मिलने का इंतजार रहता है और सबकुछ नया-नया लगता है। लेकिन लंबे समय तक किसी व्यक्ति के साथ जुड़ाव सिर्फ आकर्षण से नहीं चलता। भरोसा, सम्मान, सहज बातचीत, भावनात्मक समझ और मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की क्षमता भी रिश्ते का हिस्सा होती है।

खुद से पूछें

अगर आप कैजुअल रिश्ते में हैं तो कभी-कभी खुद से कुछ सीधे सवाल पूछना उपयोगी हो सकता है। क्या मैं सच में इस रिश्ते की सीमाओं से खुश हूं? क्या मैं बिना फ्युचर की उम्मीद के सहज हूं? या मन ही मन चाहता/चाहती हूं कि सामने वाला मुझे लेकर कमिटेड और सीरियस हो। इन सवालों के जवाब किसी और को खुश करने के लिए नहीं, बल्कि खुद को समझने के लिए होने चाहिए।

समय की कीमत

कभी-कभी व्यक्ति किसी रिश्ते में इसलिए बना रहता है क्योंकि वह छोड़ने का फैसला नहीं कर पाता। महीनों तक वही अनिश्चितता चलती रहती है और व्यक्ति अपने लिए जरूरी सवालों को टालता रहता है। ऐसे में एक छोटा-सा सवाल बहुत कुछ साफ कर सकता है, क्या यह रिश्ता मुझे वैसा जीवन दे रहा है जैसा मैं वास्तव में चाहता या चाहती हूं।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article