Monsoon Recipe: अब बारिश के मौसम में शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन तो करेगा ही। लेकिन हर बार पैकेट वाले चिप्स या नमकीन खाना भी सही नहीं। इनमें ज्यादा नमक, तेल और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं जो आपकी सेहत पर भारी पड़ सकते हैं। ऐसे में क्यों ना घर पर ही कुछ नया, टेस्टी और थोड़ा हेल्दी बनाया जाए। मानसून के जायके को बढ़ाने के लिए बनाना सीखें चुकंदर के चिप्स।
घर के बने ये चिप्स बाहर के तले-भुने की तुलना में बेहतर ही रहेंगे। साथ ही बेक करके बनाएंगे तो ये और हेल्दी रहेंगे। इनको बनाने के बाद कुछ दिनों तक एयरटाइट डिब्बे में आसानी से रखा भी जा सकता है।
चुकंदर चिप्स बनाने के लिए क्या चाहिए होगा
एक मध्यम आकार का चुकंदर, आधा कप साबूदाना, आधा कप उड़द दाल, 2-3 बड़े चम्मच पिसी चीनी, स्वादानुसार नमक, एक छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, 1-2 छोटे चम्मच तेल, चुकंदर का उबला हुआ पानी, थोड़ा अनियन पाउडर, काली मिर्च पाउडर और काला नमक।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चावल से पनीर कैसे बनाएं
चुकंदर के चिप्स बनाने के 5 आसान स्टेप्स
पहला स्टेप:
चुकंदर को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें और करीब 10 मिनट तक स्टीम करें। ठंडा होने के बाद इसका पानी अलग रख दें। यही पानी बाद में काम आएगा।
दूसरा स्टेप:
साबूदाना और उड़द दाल को धोने की बजाय साफ सूती कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें। फिर दोनों को पीसकर बारीक पाउडर बना लें और छान लें, ताकि मिश्रण बिल्कुल स्मूद रहे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बैंगन में कीड़े कैसे पहचानें
तीसरा स्टेप:
अब इस पाउडर में पिसी चीनी, नमक और भुना जीरा मिलाएं। स्टीम किए हुए चुकंदर की स्मूद प्यूरी और थोड़ा सा तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। मिश्रण को लगभग 10 मिनट ढककर रख दें, ताकि सभी चीजें अच्छी तरह सेट हो जाएं।
चौथा स्टेप:
जरूरत के हिसाब से बचा हुआ चुकंदर का पानी मिलाकर बैटर को इतना पतला करें कि उसे पाइपिंग बैग से आसानी से निकाला जा सके। अब बेकिंग ट्रे पर पतली-पतली स्ट्रिप्स के आकार में इसे पाइप कर दें।
पांचवां स्टेप:
इनको गर्म तेल में फ्राई करें। या ओवन या एयर फ्रायर में इन्हें तब तक बेक करें, जब तक चिप्स अच्छी तरह कुरकुरे न हो जाएं। बाहर निकालने के बाद ऊपर से अनियन पाउडर, काली मिर्च या थोड़ा काला नमक छिड़क दें और हल्के हाथों से मिला लें।
ऐसे करें सर्व
चाय या कॉफी के साथ ये चिप्स बेहद स्वादिष्ट लगते हैं। बच्चों के टिफिन में भी इन्हें रखा जा सकता है। अगर आपको हल्का चटपटा स्वाद पसंद है तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला छिड़क दें। स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
