Winter Special Food (Lahsun Ka Achar Recipe): देशभर में ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम आ गया है गर्मागरम पराठे और अचार खाने का। ऐसे में आपको भी अपने घर में अचार डाल लेना चाहिए। जैसा कि आपको पता है कि हम आपके लिए सर्दियों की खास रेसिपी की सीरीज लेकर आए हैं तो आज इसी क्रम में हम आपको लहसुन का अचार बनाना सीखाएंगे। क्या आपने कभी लहसुन का अचार चखा है? अगर नहीं, तो बता दें कि ये स्वाद में जबरदस्त और सेहत के लिए एकदम गुणकारी होता है। लहसुन का अचार आप पराठे, चावल और रोटी के साथ भी खा सकते हैं। इस अचार को बनाना काफी आसान भी है, बस आपको कुछ खास चीजों का ध्यान रखना होता है। आज आप यहां से लहसुन का अचार बनाना सीखिए और अपने परिवार को इसका स्वाद चखाकर उनका दिल खुश कर दीजिए।
लहसुन का अचार बनाने की सामग्री-
लहसुन- 1/2 किलो
सरसों तेल- 1/2 लिटर
सुखा साबुत लाल मिर्च- 12
सुखा लाल मिर्च पाउडर- 3 टेबल स्पून
हल्दी पाउडर- 1 टेबल स्पून
करी पत्ता- 1/2 कटोरी
सौफ- 3 टेबल स्पून
पीली सरसों का दाने- 3 टेबल स्पून
मेथी के दाने- 1 टेबल स्पून
जीरा- 1/2 टेबल स्पून
अजवाइन- 1/2 टेबल स्पून
राई- 1 टेबल स्पून
हींग- 1/2 टेबल स्पून
नमक- स्वादानुसार
लहसुन का अचार बनाने की विधि-
लहसुन का अचार बनाने के लिए सबसे पहले लहसुन की गांठ में से कलियां अलग कर लें। इसके बाद इन्हें थोड़ी देर के लिए पानी में डाल दें जिससे छिलके आसानी से निकल सकें।
एक घंटे बाद उन लहसुन की कलियो को हाथों से मसलते हुए उनका छिलका निकालें, ऐसा करने से लहसुन के छिलके आराम से अलग हो जाएंगे।
अब मेथीदाना, सौंफ और राई को मिक्सर जार में डालकर पीस लें और पाउडर तैयार कर लें।
अब कड़ाही में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें। जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें लहसुन कलियों को डालकर कुछ देर तक भून लें।
अब इसमें पीसा हुआ जीरा, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और पीली सरसों के दाने डालकर अच्छी तरह से मिला लें।
इसके बाद मेथी, राई और सौंफ का तैयार पाउडर डालकर मिला दें। अब स्वादानुसार नमक डालकर मिक्स करें और 4-5 मिनट तक पकाएं।
इसके बाद लहसुन के अचार में नींबू का रस निचोड़ दें और करछी से अच्छी तरह से मिक्स कर दें।
अब अचार में बचा हुआ तेल डाल दें। आपके लहसुन का अचार बनकर तैयार हो गया है।
