Swimming Pool Eye Care Tips: जैसे-जैसे मौसम का तापमान बढ़ता है, तो गर्मी बढ़ते ही लोग राहत पाने के लिए स्विमिंग पूल का रुख करने लगते हैं। ठंडे पानी में उतरते ही गर्मी से आराम जरूर मिलता है, लेकिन अगर थोड़ी सावधानी न बरती जाए तो आंखों में जलन, लालपन और खुजली जैसी दिक्कत शुरू हो सकती है। कई बार लोग छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं और बाद में परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में पूल में जाने से पहले आंखों का ध्यान (Eye care tips) रखना बहुत जरूरी है। कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप आराम से स्विमिंग का मजा ले सकते हैं।
पूल में जाते समय चश्मा जरूर पहनें
स्विमिंग करते समय आंखों में पानी जाने से जलन हो सकती है। इसलिए पूल में उतरने से पहले स्विमिंग वाला चश्मा जरूर पहनें। इससे आंखें पानी और गंदगी से काफी हद तक बची रहती हैं। अगर आपकी आंखें जल्दी लाल हो जाती हैं, तो यह और भी जरूरी हो जाता है।
लेंस लगाकर स्विमिंग करना सही नहीं
कई लोग आंखों में लेंस लगाकर ही पूल में उतर जाते हैं, लेकिन ऐसा करना ठीक नहीं माना जाता। पूल का पानी आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है और लेंस के कारण परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए स्विमिंग से पहले लेंस निकाल देना बेहतर रहता है।
पूल से निकलने के बाद आंखें साफ करें
स्विमिंग खत्म होने के बाद आंखों को साफ पानी से धोना बहुत जरूरी है। इससे आंखों में गया गंदा पानी और केमिकल बाहर निकल जाते हैं। अगर हल्की जलन हो रही हो तो ठंडे पानी से आंखें धोने पर आराम मिल सकता है।
आंखों को हाथ से रगड़ना बंद करें
पानी जाने के बाद कई लोग आंखों को जोर-जोर से मलने लगते हैं। ऐसा करने से आंखें और ज्यादा लाल हो सकती हैं। अगर आंखों में खुजली हो रही हो तो साफ कपड़े या टिश्यू से हल्के हाथ से साफ करें।
साफ-सुथरे पूल में ही स्विमिंग करें
जहां पानी साफ न दिखे या पूल गंदा लगे, वहां स्विमिंग करने से बचें। गंदे पानी की वजह से आंखों में दिक्कत होने का खतरा ज्यादा रहता है। हमेशा ऐसे पूल चुनें जहां सफाई का ध्यान रखा जाता हो।
परेशानी ज्यादा हो तो डॉक्टर को दिखाएं
अगर स्विमिंग के बाद आंखों में तेज जलन हो, दर्द हो या साफ दिखाई न दे तो इसे हल्के में न लें। ऐसी स्थिति में तुरंत आंखों के डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, ताकि परेशानी ज्यादा न बढ़े।
