नई दिल्ली में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्कूली बच्चों को अपने हाथ से भोजन परोसा और खिलाया। संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 5 अरबवीं थाली परोसकर एक बड़ी सामाजिक उपलब्धि का उत्सव मनाया। यह आयोजन अक्षय पात्र फाउंडेशन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का विषय 'सुपोषित और सुशिक्षित भारत से विकसित भारत' रहा। अक्षय पात्र संस्था विद्यालयों में मिड-डे-मील पहुंचाकर बच्चों में पोषण की समस्या को दूर करने और उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कई सालों से काम रही है।
राष्ट्रपति ने बच्चों को परोसा भोजन
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और खिलाया भी, इसके साथ ही उन्हें उपहार भी दिए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में अवसरों के द्वार खोलती है और बच्चों को सशक्त बनाती है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को मिलने वाला पौष्टिक भोजन वास्तव में देश के भविष्य में निवेश है। इसके साथ ही उन्होंने इस्कॉन के संस्थापक भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका सपना था कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। इसके साथ ही राष्ट्रपति ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा, पौष्टिक भोजन, अच्छा स्वास्थ्य और स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण मिले। ये आधार बच्चों के समग्र विकास को संभव बनाते हैं। आज हम जो प्रयास कर रहे हैं, वही आने वाले भारत का स्वरूप तय करेंगे। जब हमारे बच्चे स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक होंगे, तब वे न केवल अपने सपनों को पूरा करेंगे, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
जनआंदोलन है संस्था की यह पहल
इस कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संस्था की यह पहल अब एक जनआंदोलन बन चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक देश के बच्चे सुपोषित नहीं होंगे, तब तक भारत अपनी पूरी क्षमता हासिल नहीं कर सकता है। यह पहल सरकार और समाज के सहयोग का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज भारत का विकास केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक दक्षिण और मानवता के कल्याण के प्रति भी उसकी जिम्मेदारी है। यही ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की हमारी भावना का सार है। अक्षय पात्र फाउंडेशन पीएम पोषण योजना के एक महत्वपूर्ण कार्यान्वयन भागीदार के रूप में उभरा है। गुणवत्ता, स्वच्छता और नवाचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के माध्यम से इसने इस मिशन को और सशक्त बनाया है।
लाखों बच्चों तक पहुंच रहा पौष्टिक भोजन
पीएम-पोषण योजना के तहत अक्षय पात्र फाउंडेशन देशभर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों को ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रहा है। फिलहाल संस्था 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में 78 आधुनिक रसोईघरों के जरिए करीब 23.5 लाख बच्चों को हर दिन भोजन दे रही है। संस्था का लक्ष्य 2030 तक इस संख्या को बढ़ाकर 30 लाख करना है। कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक-चेयरमैन मधु पंडित दास और वाइस चेयरमैन चंचलापति दास सहित कई लोग मौजूद रहे।
