मानसून आते ही सबसे बड़ी परेशानी सिर्फ बारिश नहीं होती, बल्कि गीले कपड़ों से आने वाली सीलन की बदबू भी होती है। कई बार कपड़े धोने के बाद भी उनमें से अच्छी खुशबू नहीं आती है। अलमारी खोलते ही अजीब-सी गंध महसूस होती है और धूले हुए कपड़े भी पहनने का मन नहीं करता।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - बारिश में भीग गए हैं जूते? जल्दी सुखाने के लिए आजमाएं ये तरीके
इसकी वजह यह है कि बारिश के मौसम में नमी ज्यादा होती है, जिससे कपड़े पूरी तरह सूख नहीं पाते। ऐसे में उनमें सीलन की गंध बस जाती है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए महंगे प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है। रोजमर्रा की कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनाकर आप अपने कपड़ों को लंबे समय तक फ्रेश और खुशबूदार रख सकते हैं। देखें बारिश में गीले कपड़ों की बदबू कैसे दूर करें, गीले कपड़े कैसे खुशबूदार बनाएं।
कपड़ों को वॉशिंग मशीन में देर तक न छोड़ें
कपड़े धुलने के बाद उन्हें मशीन में घंटों पड़े रहने देना सबसे बड़ी गलती है। जितनी जल्दी हो सके, उन्हें बाहर निकालकर फैला दें। इससे उनमें सीलन की गंध बनने का मौका नहीं मिलेगा।
हवा वाली जगह पर सुखाएं
धूप न हो तो भी चिंता की बात नहीं। कपड़ों को ऐसी जगह टांगें जहां हवा अच्छी आती हो। चाहें तो पंखा चला दें या खुली खिड़की के पास कपड़े सुखाएं। हवा मिलने से कपड़े जल्दी सूखते हैं।

How to get rid of smell from wet clothes
कपड़ों के बीच दूरी रखें
कई लोग जगह बचाने के लिए सारे कपड़े एक-दूसरे से सटाकर टांग देते हैं। इससे हवा नहीं लगती और नमी बनी रहती है। कपड़ों के बीच थोड़ा अंतर रखें ताकि वे हर तरफ से सूख सकें।
अलमारी में तभी रखें जब पूरी तरह सूख जाएं
थोड़े भी नम कपड़े अलमारी में रखने से पूरी अलमारी में सीलन की गंध फैल सकती है। इसलिए पहले अच्छी तरह जांच लें कि कपड़े पूरी तरह सूख चुके हैं।

Rainy Season Tips
अलमारी को भी रखें सूखा
अगर अलमारी में नमी रहती है तो सूखे कपड़ों में भी बदबू आ सकती है। समय-समय पर अलमारी के दरवाजे खोलकर हवा लगने दें। चाहें तो उसमें छोटे-छोटे खुशबूदार सैशे या सिलिका जेल पैक भी रख सकते हैं।
फैब्रिक फ्रेशनर का करें इस्तेमाल
अगर कपड़ों में हल्की गंध रह गई हो तो उन्हें पहनने से पहले फैब्रिक फ्रेशनर की हल्की स्प्रे कर सकते हैं। इससे कपड़ों में ताजगी बनी रहती है और वे ज्यादा फ्रेश महसूस होते हैं। ये छोटे मोटे काम कर आप बारिश में भी गीले कपड़ों को खुशबूदार रख सकते हैं।
