Bridal Lehenga Tips: नए साल की शुरूआत के साथ वेडिंग सीजन भी चल रहा है। जनवरी से लेकर फरवरी के पूरे महीने सगाई, शादियां और रिसेप्शन होते रहेंगे। ऐसे में वेडिंग से लेकर रिसेप्शन तक अटेंड करने वाली लड़कियां और महिलाएं अपने लुक्स और कपड़ों को लेकर काफी चिंतित रहती हैं। वो हमेशा यही चाहती हैं कि वो पार्टी में दूसरी लड़कियों या महिलाओं से अलग नजर आएं, लेकिन इस दौरान सबसे ज्यादा चिंतित वो लड़की रहती है, जो शादी के बंधन में बंधने वाली है। दुल्हन हमेशा ये ही चाहती है कि उसकी शादी का जोड़ा ऐसा हो कि शादी अटेंड करने आए लोगों की नजर केवल उस पर ही टिक जाए। ऐसे में अगर आप भी शादी के बंधन में बंधने वाली हैं और आपको भी लहंगे की चिंता सता रही है तो आज हम आपको इससे जुड़े कुछ टिप्स देने जा रहे हैं। आप अपनी शादी के लिए बॉलीवुड इन टॉप एक्ट्रेसेस से अपने लहंगे के आइडिया ले सकती हैं।
मौनी राय का लाल लहंगा
अगर आप शादी में कुछ अलग और सिंपल दिखना चाहती हैं और चाहती हैं कि आपकी शादी का जोड़ा लाल रंग का ही हो तो ऐसे में आप बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी राय (Mouni Roy) के ब्राइडल लहंगे से टिप ले सकती हैं। एक्ट्रेस ने अपनी शादी पर चौड़े बॉर्डर वाले रेड और गोल्डन कलर का लहंगा पहना था, जिसका डीप नेक का ब्लाउज और ग्रीन बीड्स वाला नेकपीस था। उनकी शादी का जोड़ा बेहद शानदार लग रहा था। आप इस लुक को भी अपना सकती हैं।
आलिया भट्ट की सफेद या क्रीम साड़ी
वैसे तो भारतीय रीति-रिवाजों के अनुसार शादी के दिन दुल्हन सफेद और काले से परहेज करती हैं, लेकिन बदलते समय के साथ शादी के जोड़ों का रंग भी बदल रहा है। जैसे बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट (Alia Bhatt) अपनी शादी वाले दिन गोल्डन बॉर्डर वाली क्रीम साड़ी में नजर आई थीं। उनके इस सिंपल लुक को काफी पसंद किया गया था। ऐसे में अगर आपके घर में भी रंगों को लेकर कोई विचार नहीं है तो आप इस तरह के लुक्स को ट्राई कर सकते हैं या इसकी जगह लाल रंग की साड़ी कैरी कर सकते हैं।
हंसिका मोटवानी का भारी लाल लहंगा
पिछले साल दिसंबर में हंसिका मोटवानी (Hansika Motwani) शादी के बंधन में बंध चुकी हैं। उन्होंने अपनी शादी के मौके पर लाल रंग का भारी ब्राइडल लंहग कैरी किया था, जिसने सभी फिमेल फैंस का दिल जीत लिया था। ऐसे में अगर आप भी भारी ब्राइडल लुक कैरी करना चाहती हैं तो हंसिका के ब्राइडल लुक से टिप्स ले सकती हैं।
यामी गौतम की लाल साड़ी
बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम (Yami Gautam) अपनी शादी वाले दिन अपनी मां की लाल रंग की साड़ी में नजर आई थीं। साथ ही उन्होंने पहाड़ी रीति-रिवाज के साथ बेहद सिंपल शादी की। उनके सादे लुक ने सभी का दिल जीत लिया था। ऐसे में अगर आप भी सिंपल लुक में शादी करना चाहती हैं तो यामी के लुक को कैरी कर सकती हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।
