दुनिया भर में नए साल का जश्न जारी है। लोग परिवार और दोस्तों से मिलने,घूमने-फिरने और छुट्टियां मनाने के लिए बड़ी संख्या में फ्लाइट से सफर कर रहे हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस फ्लाइट में आप आराम से यात्रा करते हैं, उसी फ्लाइट में मौजूद पायलट और एयर होस्टेस को कितने सख्त नियमों का पालन करना पड़ता है? क्या कभी आपने सोंचा कि जो एयरहोस्टेस हवाई यात्रा को शानदार और यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ती, यात्रियों की हर सहूलियत का ध्यान रखती हैं उन्हें चाय कॉफी सर्व करती हैं वो खुद कभी फ्लाइट में चाय या कॉफी पीती नहीं दिखती। इन सब की क्या वजह है। आइए जानते हैं कि फ्लाइट के दौरान पायलट और एयर होस्टेस के लिए किन-किन चीजों पर पूरी तरह या आंशिक रूप से बैन है।
आपने गौर किया होगा कि फ्लाइट में एयर होस्टेस के पास कभी तेज खुशबू नहीं आती,वे यात्रियों के सामने कॉफी-चाय कम ही पीते दिखते हैं और दवा लेने में भी बेहद सतर्क रहते हैं। इसकी वजह डीजीसीए (DGCA) के सख्त नियम हैं, जिनका मकसद सिर्फ और सिर्फ यात्रियों और उड़ान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
क्रू मेंबर को यह ध्यान रखना होता है कि वे कहां और कब कॉफी या चाय पी रहे हैं। बोर्डिंग गेट पर या यात्रियों के सामने इसका सेवन मना है। पानी जैसी छोटी सेवाएं भी बेहद सावधानी से दी जाती हैं,ताकि अनावश्यक भीड़ या हड़बड़ी न हो।
पायलट और एयर होस्टेस फ्लाइट के दौरान तेज खुशबू वाले परफ्यूम का इस्तेमाल नहीं कर सकते। तेज महक पायलट का ध्यान भटका सकती है, जिससे उड़ान की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, एल्कोहल बेस्ड परफ्यूम ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट को भी प्रभावित कर सकते हैं।
सैनिटाइजर,माउथवॉश,टूथपेस्ट और अन्य अल्कोहल युक्त उत्पादों के इस्तेमाल पर भी सख्ती है। कारण साफ है कि अल्कोहल का छोटा सा अंश भी टेस्ट रिजल्ट और क्रू मेंबर की प्रतिक्रिया क्षमता पर असर डाल सकता है।
डीजीसीए के निर्देशों के अनुसार,अगर कोई पायलट या क्रू मेंबर किसी दवा का सेवन कर रहा है,तो उड़ान से पहले डॉक्टर की अनुमति जरूरी होती है। यह सुनिश्चित किया जाता है कि दवा का असर उनकी सतर्कता या यात्रियों की सुरक्षा पर न पड़े।
फ्लाइट में पायलट और एयर होस्टेस के लिए धूम्रपान पूरी तरह वर्जित है,चाहे वह सिगरेट हो, तंबाकू या वेप पेन। यहां तक कि हाल ही में धूम्रपान छोड़ने वालों को भी च्युइंग गम चबाने की अनुमति नहीं दी जाती।
तेज खुशबू,अल्कोहल या अनियंत्रित दवा सेवन से कुछ यात्रियों को एलर्जी,सिरदर्द या सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। यही वजह है कि पायलट और एयर होस्टेस के लिए ये नियम बेहद सख्त बनाए गए हैं।