Vikas Dubey Terror : खत्म हुआ विकास दुबे का आतंक, गांववालों ने मिठाई बांटकर मनाया जश्न

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 11, 2020, 12:38 AM IST

Bikaru villagers distribute sweets: गैंगस्टर विकास दुबे की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद उसके गांव बिकारू गांव में जश्न का माहौल है और लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।

Vikas Dubey Terror : खत्म हुआ विकास दुबे का आतंक, गांववालों ने मिठाई बांटकर मनाया जश्न
Photo Credit: ANI

कानपुर में हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे (VikasDubey) को पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद बिकारू गांव में लोगों ने मिठाइयां बांटी स्थानीय लोगों का कहना है, 'यह पूरा इलाका आज बहुत खुश है। ऐसा लगता है जैसे हम आखिरकार आजाद हो गए हैं। यह आतंक के युग का अंत है। हर कोई बहुत खुश है।' उसके मारे जाने के बाद बिकरु गांव से करीब ढाई किमी दूर शिवली कस्बे में भी जश्न का माहौल दिखा यहां विकास के जानी दुश्मन लल्लन बाजपेयी की सरपरस्ती में लोगों ने विकास दुबे की मौत पर खुशियां जाहिर कीं वहीं कानपुर में लोगों ने विकास की मौत के बाद पुलिस वालों का सम्मान किया है।

शुक्रवार की सुबह न्यूज चैनलों पर विकास दुबे की मौत की खबर आते ही बिकरू गांव के लोगों को मानों विश्वास ही नहीं हुआ कि ऐसा हो गया है कि विकास दुबे एनकाउंटर में मारा गया है, जैसै ही खबर की पुष्टि हुई फिर तो विकास के आतंक से त्रस्त लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।

विकास दुबे का मारा जाना आतंक के एक अध्याय के बंद होने जैसा है, बताते हैं कि विकास के आतंक गांववालों के साथ इतने ज्यादा थे कि वो हमेशा एक डर के साए में जीते आ रहे थे वहीं अब उसकी मौत पर सब बेहद खुश हैं, उनका कहना है कि आज का दिन हमारे लिए किसी त्यौहार से कम नहीं है।


विकास दुबे का आतंक ऐसा कि गांव वालों को सिर उठाने की नहीं थी इजाजत 

विकास दुबे का आतंक ऐसा था कि उसके घर के बाहर के कुएं पर गांव वालों को पानी लेने के लिए इंतजार करना पड़ता था साथ ही विकास के नाम का जयकारा भी लगाना पड़ता था ऐसा स्थानीय गांव वाले बताते हैं, कहा जाता है कि  गैंगस्टर विकास और उसके गु्र्गे इलाके से गुजरते थे, तो हमें अपना सिर उठाने की इजाजत नहीं थी और नमस्ते के साथ उन सभी का अभिवादन करना पड़ता था। यदि कोई ऐसा नहीं करता था तो उसे बेरहमी से पीटा जाता था।

कानपुर के भौती इलाके में कथित पुलिस मुठभेड़ मे मारा गया  विकास दुबे

गैंगस्टर एवं कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में कथित पुलिस मुठभेड़ मे मारा गया। पुलिस और एसटीएफ अनुसार उज्जैन से कानपुर लाते समय हुए सड़क हादसे में एक पुलिस वाहन के पलटने के बाद दुबे ने भागने का प्रयास किया। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने इस एनकाउंटर को लेकर एक विस्तृत बयान जारी किया है।

बयान के मुताबिक, 'अभियुक्त को दिनांक 09-07-2020 को एस0टी0एफ0 यूपी की टीम द्वारा उज्जैन से कानपुर सम्बन्धित न्यायालय में प्रस्तुत करने हेतु ले जाने के दौरान जनपद कानपुर में थाना सचेण्डी अन्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के उपरान्त दुर्दान्त अपराधी द्वारा निरीक्षक श्री रमाकान्त पचैरी से पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पार्टी पर फायरिंग की गयी, जिस पर पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ संयमित फायरिंग में अपराधी विकास दुबे घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!