हमीरपुर में बेटी से छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराने की खौफनाक सजा, पहले गोली मारी और फिर पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 9, 2022, 03:17 PM IST

Murder In Hamirpur: हमीरपुर के राठ इलाके में छेड़छाड़ के आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता के पिता की हत्या कर दी। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई।

हमीरपुर में बेटी से छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराने की खौफनाक सजा, पहले गोली मारी और फिर पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
Photo Credit: Representative Image

Kanpur Murder News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां बेटी से छेड़खानी का विरोध करना एक शख्स को भारी पड़ गया है। एक पिता को आरोपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। हाल ही में जेल से छूटे मुख्य आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर पिता को पहले गोली मारी, फिर उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। दिनदहाड़े हुई खूनी वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। उधर, परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस तैनात की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी की तलाश जारी है।

हमलावरों ने गोली मारने के बाद जमकर पिटाई की

जानकारी के अनुसार, राठ इलाके के मझगवां थाने के टोला रावत गांव के रहने वाले मनीष तिवारी (40) पुत्र मुन्नालाल तिवारी सोमवार को 10 बजे खेत से बाइक से घर आ रहा था। कुल्हैंडा नहर के पास कुछ हमलावरों ने उसे पीछे से गोली मार दी। गोली चलने से वह सड़क पर गिर गया। इस दौरान मनीष जान बचाने के लिए भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद मनीष की जमकर पिटाई की गई। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, इस पर हमलावर फरार हो गए। मनीष को आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मनीष के बेटे ने बताया कि, पिछले साल उसकी बहन के साथ इटौरा गांव के युवक ने छेड़छाड़ की थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

मामले में आरोपी युवक को जेल भेजा गया है। कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूटकर आया था। तभी से आरोपी बदला लेने की फिराक में लगा था। सोमवार को आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लड़की के पिता पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने पहले गोली मारी, फिर पीट-पीटकर हत्या कर दी। बेटे का आरोप है कि, हमलावर इटौरा और टोलारावत गांव के रहने वाले हैं। हत्या की सूचना पर सीओ भास्कर वर्मा, मझगवां थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे। इस दौरान वहां परिजनों की पुलिस से नोकझोंक हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि, थाना पुलिस आरोपी के साथ मिली हुई थी। पुलिस कार्रवाई करती तो मनीष आज जिंदा होता।  

पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि, मनीष के परिजनों ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!