राजस्थान में 15 फरवरी से कोरोना टीके की दूसरी खुराक दी जाएगी- स्वास्थ्य मंत्री

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 14, 2021, 09:43 PM IST

चिकित्सा मंत्री ने बताया कि इस सप्ताह उन सभी स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों का भी टीकाकरण किया जाएगा, जिन्हें अब तक कोरोना टीके की पहली खुराक नहीं दी गई है।

राजस्थान में 15 फरवरी से कोरोना टीके की दूसरी खुराक दी जाएगी- स्वास्थ्य मंत्री

जयपुर: राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने बताया कि कोरोना टीके की दूसरी खुराक 15 फरवरी से दी जाएगी।डॉ शर्मा ने कहा कि इसके तहत उन लाभार्थियों को टीके की दूसरी खुराक दी जायेगी जिन्हें 16 जनवरी को पहली खुराक दी गई थी। इसके अतिरिक्त सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं कृषि विभाग के लाभार्थियों को भी कोरोना टीके की पहली खुराक दी जाएगी।

चिकित्सा मंत्री ने बताया कि ऐसे आठ प्रतिशत स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और 20 प्रतिशत अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के लिए टीकाकरण के बड़े सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्र साइट में 300-500 लाभार्थियों तक का टीकाकरण किया जा सकेगा।

स्कूली शिक्षकों को प्रमुखता से सम्मलित किया जाएगा

डॉ शर्मा ने कहा कि 18 जनवरी को जिन लाभार्थियों को कोरोना टीके की पहली खुराक दी गई थी, उन्हें 17 फरवरी से दूसरी खुराक दी जाएगी। इसमें स्कूली शिक्षकों को प्रमुखता से सम्मलित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए कम से कम 150 लाभार्थी वाले सत्र साइट बनायी जाएंगी। इसमें कम से कम 90 लाभार्थियों का टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को टीकाकरण नहीं किया जाएगा।

चिकित्सा मंत्री ने 19 फरवरी तक बचे हुए स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को पहली खुराक देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी साइट पर 300-400 लाभार्थियों का टीकाकरण किया जाएगा। इसके बाद केवल दूसरी खुराक सभी सत्र साइट पर दी जाएगी।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!