Jaipur Suicide: दो माह पहले लव मैरिज करने वाली एक महिला जेवर और नकदी समेट कर घर से भाग गई। पत्नी के भागने से दुखी युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलाला समाप्त कर ली। सुसाइट की जानकारी मिलने के बाद जब पुलिस घटनस्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की तो मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था कि, मेरी पत्नी ने धोखा दिया है, इसलिए मैं मर रहा हूं। इसमें मेरे परिवार की कोई गलती नहीं है। यह पूरा मामला जयपुर मालपुरा गेट इलाके का है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मृतक सीताराम गुर्जर मूलरूप से नैनवां बूंदी का रहने वाला था, वह यहां श्याम विहार प्रताप नगर में रहकर एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर का काम करता था। पुलिस ने कहा कि सुसाइड नोट से पता चला है कि करीब 2 महीने पहले उसने दयाली बूंदी की रहने वाली 28 साल की सोना से प्रेम विवाह किया था। मृतक की पत्नी 26 मई को घर से भाग गई। जिससे परेशान युवक ने बाद में सांगानेर रेलवे लाइन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
गहने-कैश समेटकर भागी पत्नी
मृतक के भाई बंशीलाल ने सीताराम की पत्नी सोना के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। जिसमें कहा गया है कि 26 मई को उसका भाई सीताराम फैक्ट्री में काम पर गया था। पीछे से मौके का फायदा उठाकर उसकी पत्नी सोने के सभी जेवर, दो लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गई। बाद में सीताराम को पता चला कि उसकी पत्नी सोना बूंदी के रहने वाले अपने पूर्व पति दुर्गालाल गुर्जर के पास चली गई है। इस संबंध में सीताराम ने फोन कर बताया था।
सुसाइड से पहले मृतक ने लिखा सुसाइड नोट
मृतक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि- मेरी पत्नी सोना गुर्जर ने मुझे धोखा दिया है। जिसकी वजह से मैं मर रहा हूं। मेरे परिवार के सदस्यों को परेशान मत करो, यह परिवार के सदस्यों की गलती नहीं है। मैं उनके विश्वास में आया और उन्होंने मुझे धोखा दिया, इसलिए मैं दुनिया छोड़ रहा हूं।

