तिरंगे के सम्मान में ऐतिहासिक पहल: फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने दृष्टिबाधित महिला क्रिकेट टीम को किया सम्मानित
- Reported by: हिमांशु तिवारीEdited by: Piyush Kumar
- Updated Jan 24, 2026, 05:08 PM IST
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया (FFOI) ने गुरुवार को दृष्टिबाधित भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सम्मानित कर देशभर में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गर्व का संदेश दिया। यह कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट के उस ऐतिहासिक फैसले की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसने आम नागरिकों को तिरंगा फहराने का अधिकार सुनिश्चित किया था।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया (FFOI) ने गुरुवार को दृष्टिबाधित भारतीय महिला क्रिकेट टीम को किया सम्मानित ।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया (FFOI) ने गुरुवार को दृष्टिबाधित भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सम्मानित कर देशभर में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गर्व का संदेश दिया। यह कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट के उस ऐतिहासिक फैसले की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसने आम नागरिकों को तिरंगा फहराने का अधिकार सुनिश्चित किया था।
इस मौके पर एफएफओआई के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद नवीन जिंदल ने खिलाड़ियों के साथ मैत्री क्रिकेट मैच खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज आंदोलन की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया गया, जिसमें दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के 30 वर्ष, संसद में संशोधन के 20 वर्ष पूरे होने और नागरिक अधिकारों की रक्षा में न्यायपालिका एवं संसद की भूमिका को विशेष रूप से उल्लेखित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने देश के कोने-कोने तक तिरंगे के सम्मान को पहुंचाने के लिए एफएफओआई के प्रयासों की सराहना की। लद्दाख के रेजांग ला और कारगिल से लेकर दक्षिण में पोर्ट ब्लेयर, पूर्व में बुमला और नाथू ला तथा पश्चिम में मुन्ना बाओ और कच्छ तक भव्य राष्ट्रीय ध्वजों की स्थापना का उल्लेख किया गया। इसके साथ ही इंफाल में 200वें विशाल तिरंगे की स्थापना को एक बड़ी उपलब्धि बताया गया।
तिरंगा हमारी एकता, संप्रभुता और लोकतंत्र का सबसे सशक्त प्रतीक: नवीन जिंदल
समारोह को संबोधित करते हुए एफएफओआई अध्यक्ष श्री नवीन जिंदल ने कहा, “तिरंगा हमारी एकता, संप्रभुता और लोकतंत्र का सबसे सशक्त प्रतीक है। आज इन महिला खिलाड़ियों को सम्मानित कर हम यह संदेश दे रहे हैं कि तिरंगा हर भारतीय का है और यह हर परिस्थिति में उत्कृष्टता के लिए प्रेरणा देता है।”कार्यक्रम में किन हस्तियों ने किया शिरकत?
जिंदल हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रीमती सावित्री जिंदल और श्रीमती शल्लू जिंदल के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, यशोधरा राजे सिंधिया सहित कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं। इसके अलावा सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति वी.एन. खरे, न्यायमूर्ति यू.यू. ललित, वरिष्ठ अधिवक्ता गौरी रसगोत्रा समेत विधि जगत के कई दिग्गज भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने अपने भविष्य के लक्ष्यों की भी घोषणा की। संस्था ने 23 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज दिवस के रूप में मान्यता दिलाने, बच्चों में तिरंगा शिक्षा को बढ़ावा देने और पुराने व क्षतिग्रस्त झंडों के सम्मानजनक निस्तारण व पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित करने के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में न्यायपालिका, प्रशासनिक सेवाओं और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों की भी भागीदारी रही। समापन के बाद अतिथियों के लिए दोपहर भोज का आयोजन किया गया।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा किए जा रहे ये प्रयास देश में राष्ट्रध्वज के सम्मान, जागरूकता और गौरव को नई दिशा देने की दिशा में एक मजबूत कदम माने जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।