यूपी भाजपा के एक नेता ने ऐलान किया है कि जो कोई पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो (Bilawal Bhutto) का सिर काटेगा, उसे वो दो करोड़ रुपया इनाम में देंगे। दरअसल बिलावल भुट्टो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) पर अभद्र टिप्पणी की है। जिसके खिलाफ भाजपा शनिवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन करती नजर आई।
किसने किया ऐलान
बागपत के एक भाजपा नेता ने कहा है कि जो व्यक्ति पाकिस्तानी विदेश मंत्री का सिर काटकर लाएगा उसको दो करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। बागपत में भुट्टो के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य मनुपाल बंसल ने कहा- "मैं ऐलान करता हूं कि बिलावल भुट्टो का सिर धड़ से अलग करने वाले को मैं अपनी ओर से दो करोड़ रुपये का इनाम दूंगा।"
बयान पर कायम
इसके बाद इस मौके पर मौजूद भीड़ मनुपाल बंसल जिंदाबाद के नारे लगाने लगी। इसके बाद 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत करते हुए मनुपाल बंसल ने कहा कि वह अभी भी अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने कहा- "हां, मैंने आज वह बयान दिया है। अगर वह मेरे प्रधानमंत्री के बारे में ऐसी बातें कह रहे हैं, जिनका हम बहुत सम्मान करते हैं, तो हम ऐसे व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमें अपने प्रधानमंत्री से जबरदस्त लगाव है और अगर हमें उनके लिए कुछ भी करना पड़े, तो हमें कोई दिक्कत नहीं होगी।"
भुट्टो की यूएन में हुई थी किरकिरी
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मामले पर यूएन में एक्सपोज कर दिया था। यहां हमेशा की तरह पाकिस्तान ने कश्मीर राग अलापा था। जिसका जवाब देते हुए भारत ने पाकिस्तान को आतंकवाद का गढ़ बताते हुए घेर लिया। यहां भुट्टो पाकिस्तान का नेतृत्व कर रहे थे। यहां एक्सपोज होने के बाद भुट्टो ने बाहर आकर पीएम मोदी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी कर दी।
भाषा से इनपुट के साथ
