Delhi News Today: अरविंद केजरीवाल बार-बार ये कह रहे हैं कि लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकने के लिए भाजपा उन्हें गिरफ्तार कराना चाहती है। ईडी के समन को केजरीवाल साजिश करार दे रहे हैं। वहीं भाजपा ने भी दिल्ली के सीएम पर पलटवार करते हुए उनकी आलोचना की और कहा कि उन्हें गिरफ्तारी का डर है क्योंकि वह जानते हैं कि वह कथित आबकारी घोटाले के 'सरगना' हैं।
क्या अब अरविंद केजरीवाल होंगे गिरफ्तार?
सीएम केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि ईडी ने मुझे चार समन भेजे लेकिन ये सभी अवैध हैं, राजनीतिक साजिश के तहत नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि समन तामील कराने की पूरी कवायद लोकसभा चुनाव से पहले मुझे गिरफ्तार करने के लिए है। अरविंद केजरीवाल के इन आरोपों पर भाजपा ने जवाब दिया और कहा कि केजरीवाल ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए क्योंकि उन्हें ‘सर्दी में पसीना’ आ रहा है और गिरफ्तारी की आशंका से ‘कांप’ रहे हैं क्योंकि वह जानते हैं कि वह आबकारी पुलिस घोटाले के सरगना हैं।
केजरीवाल से भाजपा ने पूछा तीखा सवाल
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने केजरीवाल को भेजे गए ईडी के समन को न्यायोचित बताया और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक से पूछा कि वह पत्र लिखने और उसके समन से भागने के बजाय जांच एजेंसी की कार्रवाई को चुनौती देने के लिए अदालत का रुख क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा, 'आपको सर्दियों में पसीना आ रहा है और डर से कांप रहे हैं। सलाखों में बंद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह , केजरीवाल से पूछ रहे हैं कि वह कब उनके साथ (जेल में) होंगे।'
केजरीवाल को शराब घोटाले का सरगना बताया
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि अब यह ‘निश्चित’ प्रतीत होता है कि शराब घोटाले के ‘सरगना’ को सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा, 'अब यह साफ हो गया है कि अरविंद केजरीवाल जानते हैं कि उन्होंने हजारों करोड़ रुपये का यह घोटाला किया है। अरविंद केजरीवाल को पता चल गया है कि उनका भविष्य अंधकार में है।' उन्होंने कहा, 'सुनिए अरविंद केजरीवाल! आप कानून से ऊपर नहीं हैं। जिन लोगों पर आरोप लगे हैं या जिन्हें समन जारी किया गया है, वे कुछ समय के लिए कानून से दूर रहे सकते हैं लेकिन इससे बच नहीं सकते। आप बचने वाले नहीं हैं।'
ईडी के समन पर क्या बोले अरविंद केजरीवाल?
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'ED ने मुझे चौथा नोटिस भेजा है, यह सभी नोटिस अवैध और अमान्य हैं। यह नोटिस एक राजनैतिक षड्यंत्र के तहत भेजे जा रहे हैं। यह जांच 2 साल से चल रही है, 2 साल में इन्हें कुछ नहीं मिला। लोकसभा चुनाव के 2 महीने पहले अचानक मुझे नोटिस भेजकर क्यों बुलाया जाता है? भाजपा ED को चला रही है, इनका मकसद है कि यह सब करके केजरीवाल को चुनाव प्रचार करने से रोको।'
