Who is Satadru Dutta (कौन हैं सताद्रु दत्ता): फुटबॉल की दुनिया के बेताज बादशाह लियोनेल मेसी का कोलकाता का संक्षिप्त दौरा शनिवार को अराजकता और कुप्रबंधन में तब्दील हो गया। मेसी की एक झलक पाने की चाहत रखने वाले प्रशंसकों ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया और साल्ट लेक स्टेडियम में घुस गए जिसकी वजह से मेसी को मात्र 22 मिनट के अंदर ही मैदान से बाहर निकलना पड़ा।
प्रशंसकों ने जमकर काटा बवाल
कोलकाता, जिसे 'सिटी ऑफ जॉय' कहा जाता है, में मेसी के प्रशंसकों के लिए जो दिन यादगार होना चाहिए था, वह एक बुरे सपने में तब्दील हो गया। स्टेडियम के अंदर अव्यवस्था के चलते मेसी की मौजूदगी से अधिक अफरा-तफरी मची रही। जैसे ही मेसी मैदान में दाखिल हुए स्थित बेकाबू हो गई जिसके बाद कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया गया।
प्रशंसकों ने खरीदे थे महंगे टिकट
मेसी की एक झलक पाने के लिए कई प्रशंसकों ने तो 10,000 रुपये तक टिकट पर खर्च किया था और जब वह मेसी को देख नहीं पाए तो बवाल और भी ज्यादा बढ़ गया। निराश प्रशंसकों ने स्टेडियम की कुर्सियां उखाड़ दीं और ट्रैक पर पानी की बोतलें फेंकीं। कई अन्य ने तो मैदान में घुसकर तोड़फोड़ की और इस बवाल के बीच एक सताद्रु दत्ता अचानक से सुर्खियों में छा गए तो चलिए जानते हैं कि आखिर सताद्रु दत्ता हैं कौन?
कौन हैं सताद्रु दत्ता?
सताद्रु दत्ता वही शख्स हैं जिसकी बदौलत मेसी की भारत यात्रा संभव हो पाई। मेसी अपने "GOAT इंडिया टूर 2025" के तहत भारत आए हैं जिसके प्रमोटर और मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता हैं जिन्हें कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दत्ता अपनी कंपनी 'ए सताद्रु दत्ता इनिशिएटिव' के तहत काम करते हैं। उन्होंने पहले पेले, डिएगो माराडोना और काफू जैसे फुटबॉलरों के लिए भारत में इवेंट आयोजित कर चुके हैं।

कोलकाता स्टेडियम में भारी बवाल
अब कैसे हैं हालात?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ प्रशंसकों ने दीर्घा के अवरोधक तोड़ने और जबरन मैदान में घुसने की कोशिश की, जिन्हें काबू में करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालात पूरी तरह बेकाबू नहीं हुए, क्योंकि तय समय से पहले ही मेस्सी को बाहर ले जाया गया और अतिरिक्त सुरक्षा तैनात कर दी गई। एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम के मुताबिक, अब स्थिति सामान्य हैं। मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और मुख्य आयोजक को गिरफ्तार किया गया है।
क्या प्रशंसकों के पैसे होंगे वापस?
प्रशंसकों ने मेसी की एक झलक पाने के लिए 100 से 130 डॉलर से ज्यादा यानी 12,000 रुपये तक टिकट पर खर्च कर दिए। इसके बावजूद वह मेसी का चेहरा तक नहीं देख पाए जिसकी वजह से स्टेडियम में भारी बवाल हुआ। एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम के मुताबिक, आयोजक ने वादा किया है कि वह फैंस के टिकट के पैसे वापस करेंगे। ऐसे में हम देखेंगे कि यह कैसे किया जा सकता है।
