देश

सत्यता स्वीकारो वरना जो हो उसके भी आधे हो जाओगे...जब लोकसभा में विपक्ष पर अमित शाह ने कसा तंज

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Aug 9, 2023, 07:48 PM IST

Amit Shah in Lok Sabha: बकौल शाह, "मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल में 50 निर्णय ऐसे हुए हैं जो युगांतकारी हैं। पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण को हटाकर परफॉर्मेंस की राजनीति को तरजीह दी है।"

Amit Shah in Lok Sabha: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार (नौ अगस्त, 2023) को संसद के निचले सदन लोकसभा में विपक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने इस दौरान न सिर्फ कांग्रेस के राहुल गांधी को लपेटा बल्कि अपने भाषण के बीच व्यवधान डालने को लेकर विपक्ष पर तंज कसा। दो टूक कहा, "भाई, आप लोग सत्यता स्वीकार लो वरना जो हो उसके भी आधे हो जाओगे।"

दरअसल, शाह की सदन में यह टिप्पणी उस वक्त आई, जब विपक्ष के कुछ सांसद उनके भाषण के बीच बाधा डाल रहे थे। शोर-शराबे के बीच टोका-टाकी हो रही थी, तभी शाह ने यह बात कही। उन्होंने आगे अविश्वास प्रस्ताव पर कहा- इस अविश्वास प्रस्ताव का उद्देश्य केवल भ्रांति पैदा करना है। यह जनता की इच्छाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करता है। मैं पूरे देश में घूमा हूं, कहीं भी सरकार के खिलाफ अविश्वास की हल्की झलक भी नहीं दिखी। मैं इस सदन के माध्यम से पूरे देश की जनता को बताना चाहता हूं कि आजादी के बाद किसी एक नेता में जनता ने सबसे अधिक विश्वास दिखाया है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

बकौल शाह, "मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल में 50 निर्णय ऐसे हुए हैं जो युगांतकारी हैं। पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण को हटाकर परफॉर्मेंस की राजनीति को तरजीह दी है।"

उन्होंने आगे जम्मू और कश्मीर के मसले पर आगे बताया, जो जहां मारा जाता है, वहीं दफ्न किया जाता है। पथराव की घटना अब नहीं दिखाई पड़ती। ऐसा इसलिए क्योंकि पत्थर फेंका जाना जम्मू और कश्मीर में बंद हो गया है। हमने कश्मीर को आतंकवाद मुक्त किया है। 33 साल बाद थियेटर चालू हुआ है। 33 साल से मुहर्रम का जश्न बंद था, पर मोदी सरकार के कार्यकाल में वह भी चालू हुआ।

देश के पूर्वोउत्तर हिस्से का जिक्र करते हुए वह बोले- पीएम मोदी ने नॉर्थ ईस्ट की दूरी दिल से कम की है। वह इसे मुख्यधारा में लेकर आए। उन्होंने इसके साथ ही उसे मन की बात से जोड़ा। नॉर्थ ईस्ट में कागजी शांति नहीं है। उसके पीछे कड़ी मेहनत और लगन है, जबकि कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट के लिए कुछ भी नहीं किया।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article