देश

क्या होती है हार्ड लैंडिंग, जिसके कारण बंद करना पड़ा फुकेट एयरपोर्ट का रनवे?

थाईलैंड के फुकेट एयरपोर्ट पर आज एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान की हार्ड लैंडिंग कराई गई। इस कार्रवाई में विमान के लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा, जिसके कारण विमान को रनवे से तुरंत हटाना संभव नहीं हो पाया था, जिसके कारण रनवे को कुछ देर के लिए बंद कराना पड़ा।

Image

फुकेट एयरपोर्ट पर कराई गई हार्ड लैंडिग।

थाईलैंड के फुकेट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान की लैंडिंग के दौरान तकनीकी समस्या आने के कारण रनवे को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक विमान में आई खराबी की वजह से उसे तुरंत रनवे से हटाया नहीं जा सका, जिसके चलते उड़ान संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान AXB938 हैदराबाद से फुकेट जा रही थी। यह विमान निर्धारित समय से पहले ही फुकेट पहुंच गया था,जहां लैंडिंग के दौरान उसमें तकनीकी दिक्कत आ गई और विमान की हार्ड लैंडिंग कराई गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस दौरान विमान के लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा है,जिसके कारण विमान को रनवे से तुरंत हटाना संभव नहीं हो पाया था, जिसके कारण रनवे को कुछ देर के लिए बंद कराना पड़ा।

अधिकारियों के मुताबिक, हार्ड लैंडिग का शिकार विमान बोइंग 737-800 मॉडल का है,उसका पंजीकरण नंबर VT-BWQ है। घटना के समय विमान में चालक दल के 7 सदस्य, 131 यात्री और 2 बच्चे थे। हालांकि गनीमत की यह बात रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।

फुकेट एयरपोर्ट प्रशासन ने की ये कार्रवाई

मामले में फुकेट एयरपोर्ट प्रशासन ने जानकारी दी है। प्रशासन ने घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए एयरमैन नोटिस (NOTAM) जारी किया और रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। अधिकारियों के अनुसार रनवे को दोपहर 12:08 बजे से शाम 6:00 बजे तक बंद रखा गया,ताकि खराब हुए विमान को हटाने और तकनीकी जांच की जा सके। एयरपोर्ट ने कहा कि मरम्मत और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद रनवे को फिर से खोल दिया जाएगा।

लैंडिंग के दौरान विमान में खराबी क्यों आई

हवाई अड्डे के अधिकारियों ने घटना की प्रारंभिक जांच भी शुरू कर दी है। तकनीकी विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि लैंडिंग के दौरान विमान में खराबी क्यों आई और लैंडिंग गियर को नुकसान कैसे पहुंचा।

हार्ड लैंडिंग क्या है?

हार्ड लैंडिंग तब होती है जब कोई विमान या अंतरिक्ष यान सामान्य लैंडिंग की तुलना में कहीं अधिक ऊर्ध्वाधर गति और बल के साथ जमीन से टकराता है। हार्ड लैंडिंग और फर्म लैंडिंग शब्दों को अक्सर एक दूसरे से भ्रमित किया जाता है, हालांकि वे मूल रूप से भिन्न हैं। हार्ड लैंडिंग कभी भी जानबूझकर नहीं की जाती; यदि किसी विमान की हार्ड लैंडिंग हुई है,तो अगली उड़ान से पहले उसकी क्षति की जांच अवश्य की जानी चाहिए। ऐसे मामलों में विमान के ढांचे,खासकर लैंडिंग गियर या निचले हिस्से को नुकसान पहुंच सकता है। फुकेट एयरपोर्ट थाईलैंड के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है और इस तरह की घटना के बाद सुरक्षा जांच को प्राथमिकता दी जाती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें