पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की रेजिनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल तेज हो गया है। यहां होने वाले उपचुनाव के लिए आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के बेटे गोलाम नबी आजाद ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके पिता हुमायूं कबीर भी मौजूद रहे।
रेजिनगर सीट पर उपचुनाव हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद हो रहा है। इसी साल हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्होंने रेजिनगर और नाओदा दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने रेजिनगर सीट छोड़कर नाओदा को अपने पास रखा। जिसके चलते रेजिनगर विधानसभा सीट खाली हो गई थी, इसी कारण अब यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
6 अक्टूबर को होगा मतदान
सनद रहे कि रेजिनगर के साथ ही बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होना है। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को की जाएगी।नामांकन दाखिल कर क्या बोले हुमायूं कबीर के बेटे
नामांकन दाखिल करने के बाद गोलाम नबी आजाद ने कहा कि अपने पिता की जीत के अंतर को दोहराना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा, “यह निश्चित रूप से चुनौती है कि जिस अंतर से मेरे पिता ने इस सीट पर जीत हासिल की थी, उतने अंतर से जीत हासिल की जा सके।”
करीब 59 हजार वोट से जीते थे हुमायूं कबीर
पिछले विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर ने रेजीनगर सीट पर अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी को करीब 59 हजार वोटों के अंतर से हराया था। अब उनके बेटे के मैदान में उतरने से इस सीट का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
TMC से निलंबन के बाद बनाई थी नई पार्टी
बता दें कि हुमायूं कबीर ने दिसंबर 2025 में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) का गठन किया था। इससे पहले वे तृणमूल कांग्रेस में थे। टीएमसी ने उन्हें मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मस्जिद बनाने को लेकर हुए विवाद के कारण पार्टी से निलंबित कर दिया था। ऐसे में अब रेजीनगर उपचुनाव में उनके बेटे गोलाम नबी आजाद के उतरने से मुकाबला नए राजनीतिक समीकरणों के बीच होने की संभावना है।
