देश

Weather Updates: गुजरात, एमपी समेत इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, जानें देशभर के मौसम का हाल

Weather Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों का मौसम सुहाना हो चुका है। कई राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है। इसी बीच आईएमडी ने कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जानिए, आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।

Image

फाइल फोटो।

Photo : iStock

Weather Updates: देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश से जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इसी बीच आईएमडी ने उत्तराखंड, गुजरात, हिमाचल प्रदेश समेत तमाम राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार ओडिशा के अंदरूनी हिस्से और उससे सटे छत्तीसगढ़ पर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण कई भारतीय राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दिल्ली में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

गुजरात के कई शहरों में अलर्ट

गुजरात मौसम विभाग के वैज्ञानिक रामाश्रय यादव ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य में आगामी 7 दिनों तक बारिश का जोर रहेगा। आज सूरत नवसारी वलसाड दमन और राजकोट जामनगर पोरबंदर भावनगर में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा बड़ोदरा छोटा उदयपुर नर्मदा तापी अमरेली बोता दीप में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, मोरबी और कच्छ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

23 जुलाई को गुजरात के नवसारी, वलसाड, दादर नगर हवेली, पोरबंदर, जूनागढ़, द्वारिका, सोमनाथ में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 30 जुलाई को अहमदाबाद, आनंद, पंचमहाल, दाहोद, बड़ोदरा और छोटा उदयपुर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मछुआरों को 5 दिन तक समुद्र में न जाने की सलाह दी जाती है। वहीं राज्य में सीजन की अब तक सबसे ज्यादा बारिश का अनुमान है।

उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?

वहीं, उत्तराखंड में 22 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में देर रात से कई स्थानों पर जमकर बारिश हो रही है। जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन विभाग का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई जिला अधिकारियों से वर्चुअल माध्यम से हालातों का जायजा लिया।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के कई स्थानों पर हो रही बारिश औसतन 35 प्रतिशत अधिक है, जिससे कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली है। नदियों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है लेकिन अभी स्थिति सामान्य बनी हुई है।

वहीं, उन्होंने चार धाम मार्गों को लेकर कहा है कि जो सड़के बंद हो रही हैं उनको एक से दो घंटे के भीतर खोलकर सुचारू किया जा रहा है ताकि लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना ना करना पड़े।

हिमाचल में बारिश की चेतावनी

आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। गोवा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 22 से 25 जुलाई तक उत्तरी गोवा और दक्षिणी गोवा में तेज हवाओं के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बेंगलुरू में लगातार बारिश का अनुमान

भारत के सिलिकॉन शहर बेंगलुरू में एक हफ्ते तक बारिश हो सकती है और तापमान कम रहेगा। 23 से 25 जुलाई तक शहर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होगी। अगले दो दिनों में दिल्ली के मौसम में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

एमपी में कैसा रहने वाला है मौसम?

मौसम विभाग ने 22-23 जुलाई को मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, अगले तीन दिनों में गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि कोंकण और गोवा सहित अन्य क्षेत्रों में भी भारी वर्षा होगी। वहीं हिमाचल प्रदेश में 22-23 जुलाई को भारी वर्षा होने की उम्मीद है।

इनपुट-आईएएनएस

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article