देश

दिल्ली में गर्मी का टॉर्चर: 43.7 डिग्री पारे पर 51 डिग्री जैसी तपन, आज से बदलेगा मौसम; जानें अपने शहर में बारिश का अपडेट

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated May 23, 2023, 08:48 AM IST

Weather Forecast: दिल्ली के लोगों को सोमवार को आर्द्रता (Humidity) के कारण तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग (IMD) के हीट इंडेक्स के मुताबिक, दिल्ली में उमस के कारण 51 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस की गई। हालांकि, मौसम विभाग (Mausam Vibhag) की ओर से दिल्ली- NCR समेत कई राज्यों के लिए राहत भरी खबर सुनाई गई है।

Image

मौसम का हाल

Photo : BCCL

Weather Forecast: दिल्ली-NCR (Delhi weather) के इलाकों में बीते कुछ दिनों से प्रचंड गर्मी (Heat Wave) का टॉर्चर जारी है। सोमवार को तो तापमान (Temperature) ने सारे रिकॉर्ड ही ध्वस्त कर दिए और रविवार की तुलना में पारा ऊपर चढ़कर 43.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग (India Meteorological Department ) के मुताबिक, दिल्ली के 13 मौसम स्टेशनों में से पांच स्टेशनों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 43.7 डिग्री सेल्सियस था, जो इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन था। इसके अलावा नजफगढ़ और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (अक्षरधाम) स्टेशन पर अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

हालांकि, दिल्ली के लोगों को सोमवार को आर्द्रता (Humidity) के कारण तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग (IMD) के हीट इंडेक्स के मुताबिक, दिल्ली में उमस के कारण 51 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस की गई। हालांकि, मौसम विभाग (Mausam Vibhag) की ओर से दिल्ली- NCR समेत कई राज्यों के लिए राहत भरी खबर सुनाई गई है। IMD का कहना है कि सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के कारण शाम तक मौसम में बदलाव होगा और बूंदाबांदी (Rain Fall) की संभावना है। बुधवार को भी बारिश होगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

पहले जानिए क्यों महसूस होती है तापमान से ज्यादा गर्मी

गर्मियों के मौसम में कई बार ऐसा होता है कि जितना तापमान होता है, गर्मी उससे कहीं ज्यादा लगती है। दरअसल, तापमान और उसके असर में कुछ फर्क होता है। इस अंतर को हीट इंडेक्स (HI) द्वारा पता लगाया जाता है। हीट इंडेस्क में तापमान के साथ हवा में मौजूद आर्द्रता का भी ध्यान रखा जाता है, जिस कारण हमें ज्यादा गर्मी महसूस होती है। यही कारण है कि सोमवार को दिल्ली में 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान होने के बावजूद 51 डिग्री जैसी तपिश महसूस हुई।

इन इलाकों में आज से बदलेगा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज से दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों के मौसम में बदलाव होगा। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावनाएं हैं। यहां हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक हो सकती है। इसके अलावा नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल जैसे राज्यों में भी बारिश की संभावनाएं बन रही हैं। आईएमडी ने बताया, पश्चिमी विक्षोभ 23 मई से अगले तीन दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत में आगे बढ़ेगा, जिस कारण 27 मई तक बारिश के आसार हैं, इससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

बिहार में भी बारिश

बिहार के कई हिस्सों में अगले तीन-चार दिनों में गरज और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पटना केंद्र द्वारा सोमवार को यहां जारी एक बयान के अनुसार 26 मई तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article