राहुल ने फिर उठाया वोट चोरी मुद्दा (PTI)
Rahul GandhiVote Chori Row: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा फिर उठाया है। पचमढ़ी, मध्य प्रदेश में राहुल ने कहा कि वोट चोरी साफ तौर पर हुई है। 25 लाख वोट चोरी हुए हैं। हर 8 में से एक वोट चोरी हुआ है। आंकड़े देखने के बाद, मुझे लगता है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी यही हुआ है। यह भाजपा और चुनाव आयोग का सिस्टम है। हमारे पास और सबूत हैं, और हम कुछ समय बाद दिखाएंगे। मुख्य मुद्दा वोट चोरी का है और SIR इसे छुपाने और संस्थागत बनाने का एक सिस्टम है।
राहुल गांधी ने कहा, हमारे पास विस्तृत जानकारी है। हमने अभी तक बहुत कम दिखाया है, लेकिन मुख्य मुद्दा यह है कि लोकतंत्र और अंबेडकर जी के संविधान पर हमला हो रहा है और सीधे तौर पर, प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मिलकर ऐसा कर रहे हैं। इससे देश और भारत माता का नुकसान हो रहा है।
कहा- मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी 'वोट चोरी' हुई
राहुल गांधी मध्य प्रदेश जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए शनिवार को नर्मदापुरम के पचमढ़ी पहुंचे। कांग्रेस सांसद ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए दावा किया, वोट चोरी एक मुद्दा है और एसआईआर इस पर पर्दा डालने और इसे संस्थागत रूप देने के लिए है। निर्वाचन आयोग ने नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में चार नवंबर को मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शुरू किया था। राहुल ने कहा कि उनका मानना है कि हरियाणा की तरह मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी 'वोट चोरी' हुई।
उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले, मैंने हरियाणा में वोट चोरी पर एक प्रस्तुति दी थी और मैंने स्पष्ट रूप से देखा कि वोट चोरी हो रही है। 25 लाख वोट चोरी हुए, हर 8 में से 1 वोट चोरी हो गया। इसे देखने के बाद, आंकड़ों को देखने के बाद मेरा मानना है कि मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी ऐसा ही हुआ यह भाजपा और निर्वाचन आयोग की प्रणाली है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि उनके पास और भी सबूत हैं, जिन्हें वह धीरे-धीरे सामने लाएंगे।
उन्होंने कहा, लेकिन मेरा मुद्दा वोट चोरी का है। एसआईआर अब यह इस पर पर्दा डालने और व्यवस्था को संस्थागत बनाने का प्रयास है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह भविष्य में इस तरह के और खुलासे करेंगे, राहुलने कहा, हमारे पास बहुत सारी अलग-अलग सूचनाएं, बहुत विस्तृत जानकारी है और हम इसे जारी करेंगे।
बता दें कि बिहार में मतदान से एक दिन पहले 5 नवंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वोट चोरी का मुद्दा उठाया था। कांग्रेस मुख्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस को 'H Files' नाम दिया गया। राहुल गांधी ने दावा किया कि 5 लाख 21 हजार से ज्यादा डुप्लीकेट वोटर मिले हैं। हरियाणा में कुल मिलाकर दो करोड़ वोटर हैं। 25 लाख वोट चोरी का मतलब है कि हर आठ में से एक वोटर फेक था। इसकी वजह से कांग्रेस हारी।
उन्होंने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई वोटर लिस्टों में दो राज्यों के नाम एक साथ दर्ज हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि दालचंद नामक व्यक्ति उत्तर प्रदेश और हरियाणा दोनों जगह वोटर हैं, जबकि उनका बेटा भी इन दोनों राज्यों में बीजेपी को वोट देता है। राहुल के मुताबिक, ऐसे हजारों मतदाता हैं जिनका सीधा संबंध बीजेपी से है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ 22, 779 वोटों की वजह से चुनाव हार गई। वहीं, राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक युवती की तस्वीर दिखाई गई। इस फोटो के साथ अलग-अलग नाम से 22 जगह वोटिंग का आरोप लगाकर राहुल गांधी ने कहा कि इस युवती ने कहीं सीमा, कहीं सरस्वती नाम से 22 वोट डाले। राहुल गांधी ने कहा कि यह ब्राजीलियन महिला हरियाणा की वोटर लिस्ट में क्या कर रही थी। राहुल गांधी ने इस मॉडल का नाम matheus ferrero बताया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।