UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े (Vinod Tawde) को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए 2027 का चुनाव बेहद अहम है। पार्टी लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी की कोशिश में है। ऐसे में नए प्रभारी के सामने सबसे बड़ी चुनौती सरकार, संगठन और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल कायम करने के साथ चुनावी रणनीति को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की होगी।
तावड़े के अनुभव पर बीजेपी का भरोसा
विनोद तावड़े बीजेपी के वरिष्ठ संगठनात्मक नेताओं में शामिल हैं। पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर संगठन और चुनावी प्रबंधन का लंबा अनुभव रखने वाले तावड़े को उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी ऐसे समय दी गई है, जब पार्टी 2027 के चुनाव की तैयारियों को तेज कर रही है।
तावड़े पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक मामलों में भी सक्रिय रहे हैं। ऐसे में अब उन्हें औपचारिक रूप से प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी दिया जाना बीजेपी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सरकार-संगठन के बीच तालमेल पर फोकस
उत्तर प्रदेश में बीजेपी के सामने केवल चुनावी समीकरण साधने की चुनौती नहीं है, बल्कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना भी अहम है। नए प्रभारी के सामने संगठन को चुनावी मोड में लाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और अलग-अलग सामाजिक एवं राजनीतिक समूहों तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा संघ और बीजेपी के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना भी संगठनात्मक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
एक दिन पहले यूपी के आठ नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी
तावड़े की नियुक्ति से एक दिन पहले बीजेपी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में उत्तर प्रदेश के आठ नेताओं को जगह मिली है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को भी राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। वहीं रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। यूपी के इन नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने के तुरंत बाद प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी की घोषणा को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की व्यापक संगठनात्मक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
तीसरी बार सत्ता में वापसी की चुनौती
2027 में बीजेपी के सामने उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की चुनौती होगी। इसके लिए पार्टी को सरकार के कामकाज के साथ संगठन की चुनावी मशीनरी को भी मजबूत करना होगा। नए प्रभारी विनोद तावड़े के सामने सबसे अहम काम पार्टी के विभिन्न स्तरों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखते हुए चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारना होगा। यानी 2027 के चुनाव से करीब छह महीने पहले बीजेपी ने यूपी में संगठन की कमान ऐसे नेता को सौंपी है, जिसके पास राष्ट्रीय स्तर पर संगठन और चुनावी प्रबंधन का अनुभव है।
अब नजर इस बात पर होगी कि तावड़े यूपी बीजेपी के भीतर सरकार-संगठन के समन्वय, सामाजिक समीकरण और बूथ मैनेजमेंट को किस तरह नई दिशा देते हैं और 2027 की चुनावी लड़ाई के लिए पार्टी को कितना मजबूत कर पाते हैं।
