देश

तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री बनेंगे विजय, कब और कहां होगा शपथ ग्रहण समारोह? यहां देखें सभी डीटेल्स

Tamil Nadu Govt Formation: तमिलनाडु में विजय सरकार बनने का रास्ता शनिवार को साफ हो गया। विजय अब रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Image

थलपति विजय ने राज्यपाल से की मुलाकात

Tamil Nadu Govt Formation: तमिलनाडु में अब थलपति विजय की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया। अभिनेता से नेता बने विजय ने शनिवार को राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। इस दौरान, विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया जिसके बाद राज्यपाल ने विजय को राज्य का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया और सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।

सस्पेंस खत्म अब सत्ता की बारी

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद से लगातार विजय राज्यपाल से मुलाकात कर रहे थे, लेकिन उन्हें सरकार बनाने का न्योता नहीं मिला था, लेकिन शनिवार को विजय सरकार का रास्ता साफ हो गया। विजय ने अबतक चार बार राज्यपाल से मुलाकात की है।

IUML का भी मिला समर्थन

विधानसभा चुनाव में 108 सीटों के साथ तमिलनाडु की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके के पास बहुमत का आंकड़ा नहीं था। उसे बहुमत के लिए 10 सीटों की और जरूरत थी। ऐसे में विजय ने कांग्रेस और वामदलों से समर्थन मांगा। इसके बावजूद भी सरकार गठन पर पेंच फंसा हुआ था। हालांकि, शनिवार को आईयूएमएल ने भी टीवीके को अपना समर्थन दे दिया।

कब और कहां होगा शपथग्रहण समारोह

विजय 10 मई दिन रविवार को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नेहरू स्टेडियम चेन्नई में आयोजित किया जाएगा।

किस-किस ने दिया समर्थन

विजय की टीवीके के पास कांग्रेस के पांच, भाकपा और माकपा के दो-दो, वीसीके और आईयूएमएल के दो-दो विधायकों का समर्थन है। हालांकि, भाकपा ने स्पष्ट किया है कि वह मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होगी।

TVK मंत्रिमंडल में नहीं होंगे वामदल

डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल दोनों वामपंथी दलों माकपा और भाकपा ने टीवीके को अपना समर्थन देने का फैसला किया है। वामदलों ने कहा कि यह निर्णय महज भाजपा को राज्य में पिछले दरवाजे से प्रवेश करने से रोकने के लिए लिया गया है। हालांकि, राज्य के अधिकारों की लड़ाई में वह डीएमके के साथ बने रहेंगे। वामदलों ने ऐलान किया कि वह टीवीके मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं बनेंगे।

शपथ समारोह में राहुल होंगे शामिल

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, थलपति विजय के शपथग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। वह दिल्ली एयरपोर्ट से तमिलनाडु के लिए रवाना हो रहे हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article