'मरीज इधर-उधर घूमता रहता है'; UP में अव्यवस्थाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री ने CM योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 9, 2021, 04:09 PM IST

उत्तर प्रदेश में कोरोना मैनेजमेंट में कुछ शिकायतों को लेकर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। इसमें कुछ अधिकारियों की शिकायत भी की गई है।

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में कोरोना मैनेजमेंट को लेकर योगी सरकार कितने ही दावे कर लें, लेकिन कई बार बीजेपी के ही विधायक और सांसद उस पर सवाल उठा देते हैं। अब बरेली से सांसद और केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने अव्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है।

उन्होंने लिखा है, 'यह बहुत जरूरी है कि कोरोना पीड़ित मरीज को कम से कम समय में रेफरल अस्पतालों में तुरंत भर्ती किया जाए। पता चला है कि रेफरल होन के बाद पीड़ित मरीज जिस सरकारी अस्पताल में जाता है, उससे कहा जाता है कि पुन: जिला अस्पताल से रेफर करवाकर आइए। मरीज लगातार इधर-उधर घूमता रहता है और उसकी ऑक्सीजन लगातार नीचे गिरती रहती है। यह चिंता का विषय है। आपसे अनुरोध है कि जब पहली बार में मरीज को रेफर किया जाए तो उसके पर्चे पर सभी रेफरल सरकारी अस्पतालों को अंकित किया जाए, जिससे मरीज को इधर-उधर न भागना पड़े।'

वो आगे लिखते हैं, 'मेरी जानकारी में आया है कि बरेली में खाली ऑक्सीजन सिलेंडर की बहुत कमी पड़ गई है, जिसका प्रमुख कारण है कि शहर के काफी लोगों ने ऑक्सीजन सिलेंडर अपने घरों में एहतियात के तौर पर रख लिए हैं। कृपया ऐसे लोगों को चिन्हि्त किया जाए, जो बिना वजह सिलेंडर अपने पास रखे हुए हैं और जरूरतमंदों तक यह सुविधा नहीं पहुंच पा रही है। अपने पास रखे सिलेंडरों को ये लोग मनमाने दाम पर बेच रहे हैं।'

एक सुझाव भी है कि जिसमें एक शिकायत भी है कि बरेली में मेडिकल से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण अधिकारी अपने फोन नहीं उठाते हैं, जिससे मरीजों को काफी असुविधा हो रही है। आपसे आग्रह है कि बरेली में कोविड के मरीजों को सभी प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया जा सके और उन प्राइवेट अस्पतालों को कोविड की सुविधा भी दी जाए।    
 

End of Article