सामना के माध्यम से शिवसेना का योगी आदित्यनाथ पर हमला, हिटलर से की तुलना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 24, 2020, 10:33 AM IST

Saamana on Yogi Adityanath: शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आलोचना की है और उनकी तुलना जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर से की।

नई दिल्ली: एक तरफ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि किसी को भी कोरोना वायरस महामारी के समय में राजनीति नहीं करनी चाहिए, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं की पार्टी शिवसेना बीजेपी पर हमला बोलने का मौका नहीं छोड़ रही है। पार्टी के मुखपत्र सामना में राज्यसभा सांसद संजय राउत ने संपादकीय लिख उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर प्रवासियों के मुद्दे पर निशाना साधा है और उनकी तुलना जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर से की है।

अपने लेख में राउत ने कहा कि सीएम योगी द्वारा यूपी में प्रवासियों के खिलाफ किए गए अत्याचार यहूदियों के खिलाफ हुए अत्याचारों के समान हैं। उन्होंने कहा कि देशभर से आने वाले श्रमिकों को उनके मूल स्थानों पर जाने की अनुमति नहीं है। हाल ही में यूपी के सीएम ने जिले के अधिकारियों को पैदल, साइकिल या ट्रकों पर आने वाले प्रवासियों के प्रवेश को रोकने का आदेश दिया था। हालांकि उन्होंने निर्देश दिया था कि वे लोगों के लिए भोजन और आश्रय की व्यवस्था करें और उन्हें बसों से उनके गांवों तक पहुंचाएं।

इससे पहले सामना में भाजपा और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की 'महाराष्ट्र बचाओ' आंदोलन को लेकर निशाना साधा था और कहा कहा था कि राज्य उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार में सुरक्षित है। दरअसल, देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में शिवसेना के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (MVA) सरकार की नाकामी के खिलाफ विपक्षी दल के राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का शुक्रवार को नेतृत्व किया। नरीमन प्वाइंट पर पार्टी की राज्य इकाई के मुख्यालय में काले मास्क पहनकर, काले फीते बांधकर और पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किए गए। 

End of Article