SSR death Case: सुशांत सिंह मौत मामले में ED ने कसा शिकंजा, रिया का सीए रीतेश शाह तलब  

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 17, 2020, 12:05 PM IST

ED summons Rhea Chakraborty CA: सुशांत सिंह मौत मामले में मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिया चक्रवर्ती के सीए रीतेश शाह को पूछताछ के लिए तलब किया है।

मुंबई : अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मौत मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच तेज कर दी है। मामले में मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच में जुटे ईडी ने सुषांत सिंह की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के सीए रीतेश शाह को सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया। ईडी अब तक इस मामले में रिया सहित कई लोगों से पूछताछ कर चुका है। पिछले दो तीन-महीनों में सुशांत के बैंक अकाउंट से हुए लेन-देन पर ईडी विशेष रूप से नजर है। वह सुशांत के बैंक अकाउंट का प्रबंधन देखने वाले लोगों से पूछताछ कर रहा है। 

सुशांत के सीए से भी हुई पूछताछ
कुछ दिनों पहले ईडी ने सुशांत के सीए संदीप श्रीधर से पूछताछ की। बताया जाता है कि जांच एजेंसी ने संदीप से दिल बेचारा है फिल्म के वित्तीय प्रबंधन, अभिनेता के बैंक डिटेल्स एवं आयकर रिटर्न के बारे में जानकारी ली। बिहार पुलिस की एफआईआर के आधार पर ईडी रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रहा है। 10 अगस्त को रिया और उनके पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती से पूछताछ हुई। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी ने रिया की आय , निवेश, कारोबार, करार एव संपर्कों के बारे में पूछताछ की। 

रिया की दो संपत्तियां होने का पता चला
सूत्रों का कहना है कि रिया की मुंबई के खार एवं नवी मुंबई में दो संपत्तियों के बारे में पता चला है और ये दोनों संपत्तियां ईडी के रडार पर हैं। ईडी रिया की आय और उनकी संपत्तियों को जोड़कर जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि रिया ने आय कर के रूप में 14 से 18 लाख रुपए जमा किए हैं जबकि उनका निवेश कहीं ज्यादा है।

रिया के भाई से भी ईडी ने की पूछताछ
रिया के पिता का कहना है कि वह एक रिटायर रक्षा कर्मी हैं और पेंशन के रूप में उन्हें करीब एक लाख रुपए मिलते हैं। जांच की शुरुआत में ईडी ने रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती से भी लंबी पूछताछ की। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान शौविक ने जांच से जुड़े सवालों से बचने की कोशिश की। सुशांत सिंह की मौत मामले की जांच सीबीआई ने भी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र सरकार इस जांच का विरोध कर रही है। जबकि रिया चक्रवर्ती ने पटना पुलिस में अपने खिलाफ दर्ज मामले का ट्रांसफर मुंबई में कराना चाहती हैं। इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है। 

End of Article