PM Modi ने की ‘आत्मनिर्भर भारत स्वयंपूर्ण गोवा' के लाभार्थियों से बात, बोले- नए आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है गोवा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 23, 2021, 12:36 PM IST

प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के आह्वान से प्रेरित इस कार्यक्रम की शुरुआत एक अक्टूबर, 2020 को की गई थी। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने गोवा की जमकर तारीफ की।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ‘आत्मनिर्भर भारत स्वयंपूर्ण गोवा’ कार्यक्रम के लाभार्थियों और हितधारकों के साथ बातचीत की। पीएम मोदी ने कहा, 'गोवा का मतलब था खुशी, प्रकृति और पर्यटन। आज गोवा का मतलब विकास के लिए एक नया मॉडल भी है, जो अपनी पुरानी कई विशेषताओं को जोड़ता है।' इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि नवोन्मेषी, संवेदनशील और जिम्मेदार नौकरशाही से लोगों को फायदा मिलेगा। 

पीएम मोदी ने की गोवा की तारीफ

गोवा की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'भारत ने ओडीएफ बनने का लक्ष्य रखा और गोवा ने इसे हासिल कर लिया। भारत ने हर घर को बिजली से जोड़ने का लक्ष्य रखा, गोवा ने हासिल किया। हर घर जल मिशन के तहत, गोवा यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला राज्य बन गया। गोवा ने भी गरीबों और जरूरतमंदों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने का 100% लक्ष्य हासिल किया। गोवा ने पहले ही 100% प्रथम खुराक टीकाकरण पूरा कर लिया है।' प्रधानमंत्री ने कहा, 'जब सरकार का साथ और जनता का परिश्रम मिलता है तो कैसे परिवर्तन आता है, कैसे आत्मविश्वास आता है ये हम सभी ने स्वयंपूर्ण गोवा के लाभार्थियों से चर्चा के दौरान अनुभव किया।'

मनोहर पर्रिकर को किया याद

 गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मेरे मित्र स्वर्गीय मनोहर पर्रिकर जी ने गोवा को तेज़ विकास के जिस विश्वास के साथ आगे बढ़ाया, उसको प्रमोद जी की टीम पूरी ईमानदारी से नई बुलंदियां दे रही है। आज गोवा नए आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है। मछली के व्यापार-कारोबार के लिए अलग मंत्रालय से लेकर मछुआरों की नावों के आधुनिकीकरण तक हर स्तर पर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत भी गोवा में हमारे मछुआरों को बहुत मदद मिल रही है।'

राजनीतिक अस्थिरता ने राज्य को पहुंचाई हानि

पीएम मोदी ने कहा, 'लंबे समय तक गोवा में राजनीतिक स्वार्थ और राजनीतिक अस्थिरता ने राज्य को हानि पहुंचाई। बीते कुछ वर्षों में इस अस्थिरता को गोवा की समझदार जनता ने स्थिरता में बदला है। महिलाओं की सुविधा और सम्मान के लिए जो योजनाएं केंद्र सरकार ने बनाई, उनको गोवा सफलता से जमीन पर उतार भी रहा है और उनको विस्तार भी दे रहा है। चाहे शौचालय हो, उज्जवला गैस कनेक्शन हो या फिर जनधन बैंक अकाउंट हो, गोवा ने महिलाओं को ये सभी सुविधाएं देने में बेहतरीन काम किया है'

End of Article