Times Now Ormax Media Survey: कोरोना संकट में भी बढ़ रही है पीएम मोदी की लोकप्रियता, जानें क्या कहता है सर्वे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 9, 2020, 05:27 PM IST

Times Now Ormax Media Survey: कोविड 19 को लेकर टाइम्स नाउ ने ऑरमैक्स मीडिया के साथ मिलकर मुंबई, दिल्ली, बंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और कोलकाता में सर्वे किया है। जानें उसके नतीजे।

नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के मामले 59,000 से ज्यादा हो गए हैं और देश पिछले करीब 50 दिनों से इसके खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई कैसे लड़ी जा रही है, क्या देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोरोना के खिलाफ उठाए गए कदमों से संतुष्ट है? ये जानने के लिए TIMES NOW ने ORMAX Media के साथ एक सर्वे किया है। ये सर्वे 6 मेट्रो सिटीज मुंबई, दिल्ली, बंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और कोलकाता की जनता के बीच किया गया। सर्वे ऑनलाइन किया गया और इसका सैंपल साइज 600 है। हर शहर के 100 लोगों से सवाल किए गए। ये सभी लोग इंग्लिश न्यूज चैनल देखने वाले थे।

इस सर्वें में इन 6 शहर के लोगों ने कोविड 19 पर पीएम मोदी के कामों को खूब सराहा है। पीएम मोदी को कुल 71 प्रतिशत रेटिंग मिली है। दिल्ली में सबसे ज्यादा 86%, मुंबई में 79%, हैदराबाद में 74%, बंगलुरु में 69%, कोलकाता में 59% और चेन्नई में 51% रेटिंग मिली है। 

इस दौरान पीएम मोदी की लोकप्रियता में भी इजाफा देखा गया है। अप्रैल 2019 में उनकी लोकप्रियता 7.1% थी, जो मई 2020 में बढ़कर  7.9% हो गई।

वहीं मुख्यमंत्रियों की बात करें तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सबसे ज्यादा 65% रेटिंग मिली है। दूसरे नंबर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा हैं, जिन्हें 56% रेटिंग मिली है। तीसरे नंबर पर 49% रेटिंग के साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर हैं। चौथे नंबर पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीसामी हैं, उन्हें 40% रेटिंग मिली है। वहीं 5वें नंबर पर हैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे। उन्हें 35% रेटिंग मिली है। इसमें सबसे आखिरी में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं। ममता बनर्जी सिर्फ 6% रेटिंग मिली है। यानी की कोलकाता की जनता कोरोना के खिलाफ उनके काम से संतुष्ट नहीं है।  

End of Article