मंत्री जी ने बार बालाओं संग लगाए ठुमके, कोविड से बचाव के नियमों की उड़ाई धज्जियां [Video]

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 3, 2020, 07:01 PM IST

छत्‍तीसगढ़ के एक मंत्री का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्‍हें कोरोना काल में बार डांसर्स के साथ ठुमके लगाते देखा जा रहा है। इसमें वह बार डांसर्स पर पैसे लुटाते भी देखे जा रहे हैं।

रायपुर: देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लोग संशय से घिरे हैं और इस घातक संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को सोशल डिस्‍टेंसिंग सहित अन्‍य नियमों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। लेकिन लगता नहीं कि आम जन को यह सीख देने वाले सरकारी नुमाइंदों ने खुद इससे सबक लिया हो। छत्‍तीसगढ़ से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कांग्रेस विधायक व राज्‍यमंत्री अपने पद की गरिमा को ताक पर रखते हुए बार डांसर्स के साथ ठुमके लगाते देखे जा रहे हैं।

यह वीडियो छत्तीसगढ़ के भरतपुर-सोनहत से कांग्रेसी विधायक और राज्यमंत्री गुलाब कमरो का है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री जी डांस बालाओं के साथ जमकर ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं। मंत्री जी ने पद की गरिमा को तो ताक पर रखा ही, कोरोना से बचाव के दिशा निर्देशों की भी धज्जियां उड़ाते दिखे। ना तो मंत्री जी ने मास्क लगाया था ना ही उनके इर्द गिर्द ठुमकती डांसर्स ने। वीडियो में मंत्री जी और डांसर्स पर पैसे उड़ाते भी नजर आ रहे हैं।

वैक्‍सीन पर सीएम ने लिखा है पत्र

यहां उल्‍लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लोगों को लगातार मास्क लगाने और सोशल डिस्‍टेंसिंग के नियमों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। कई राज्‍यों में सार्वजनिक स्‍थानों पर मास्‍क नहीं पहनने जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है। एक दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की थी कि उनके राज्य को प्राथमिकता के आधार पर निशुल्क कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराई जाए।

उनका यह पत्र ऐसे समय में आया है, जबकि देश में कोरोना वैक्सीन पर कई दवा कंपनियां काम कर रही हैं और उम्‍मीद की जा रही है कि जल्द ही देश की जनता के लिए वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी। कोरोना की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ के सीएम ने राज्‍य को प्राथमिकता के आधार पर नि:शुल्‍क टीका उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखा। इन सबके बीच कांग्रेस विधायक और मंत्री जी के डांस वीडियो को लेकर हर कोई हैरान है, जिसमें साफ तौर पर कोरोना से बचाव के लिए जरूरी दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ती दिखाई दे रही है।

End of Article