देश

Bypoll Result: जालंधर पश्चिम उपचुनाव में AAP की जीत से गदगद हुए भगवंत मान, कही यह बड़ी बात

Jalandhar West Bypoll: जालंधर पश्चिम सीट से आम आदमी पार्टी उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने जीत दर्ज की है। मोहिंदर भगत को कुल 55,246 वोट मिले हैं, जबकि दूसरे स्थान पर भाजपा के उम्मीदवार अंगुराल रहे, जिन्हें 17,921 वोट हासिल हुए। जालंधर पश्चिम सीट पर मोहिंदर भगत के जीतने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें बधाई दी।

Image

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (फोटो: @BhagwantMann)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • AAP उम्मीदवार मोहिंदर भगत को मिले 55,246 वोट।
  • दूसरे स्थान पर रहे भाजपा के अंगुराल।
  • कांग्रेस उम्मीदवार को 16,757 वोट से करना पड़ा संतोष।

Jalandhar West Bypoll: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि विधानसभा की जालंधर पश्चिम सीट पर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की बड़ी जीत दर्शाती है कि लोग राज्य सरकार के काम से बहुत खुश हैं। मार्च में आप विधायक के तौर पर अंगुराल के इस्तीफे के कारण यह सीट रिक्त हुई थी। वह मार्च में भाजपा में शामिल हो गए थे।

किसे कितने वोट मिले?

अधिकारियों के अनुसार आप के उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अंगुराल को 37,325 मतों से हरा दिया। भगत को 55,246 वोट मिले, जबकि अंगुराल ने 17,921 वोट हासिल किए। कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर को 16,757 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहीं।

CM मान ने क्या कुछ कहा?

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के लिए सभी को बधाई। बड़ी बढ़त के साथ मिली यह जीत दर्शाती है कि पूरे पंजाब में लोग हमारी सरकार के काम से बहुत खुश हैं। हम उपचुनाव के दौरान किए गए वादे के अनुसार जालंधर पश्चिम को 'सर्वश्रेष्ठ' बनाएंगे। मोहिंदर भगत जी को बधाई।’’

AAP की बढ़ी ताकत

जालंधर में स्थित भगत के निवास पर जश्न मनाया गया। आप कार्यकर्ताओं ने भगत की जीत पर पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटी और ढोल की थाप पर नृत्य किया और आप ने जालंधर में विजय जुलूस भी निकाला। इस जीत के साथ अब 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में आप के 91 विधायक हो जाएंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए, उपचुनाव में जीत हासिल करना महत्वपूर्ण है क्योंकि उनकी पार्टी ‘आप’ को लोकसभा चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी राज्य की 13 संसदीय सीट में से सिर्फ तीन पर जीत हासिल कर सकी थी।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article