Vande Bharat Express: भारत में सबसे तजे चलने वाली ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस बीते दो सालों से अभी करीब 83 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही है। हालांकि, यह ट्रेन अधिकतम 180 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल सकती है लेकिन रेलवे ट्रैक की खराब गुणवत्ता की वजह से इसे अत्यधिक रफ्तार में नहीं चलाया जा सका है। एक आरटीाई के जवाब में रेलवे ने यह जानकारी दी है। आरटीआई में कहा गया है कि साल 2021-22 में इस सेमी हाई स्पीड ट्रेन की रफ्तार 84.48 किलोमीटर प्रतिघंटे और 2022-23 में 81.38 किलोमीटर प्रतिघंटे रही है।
रफ्तार प्रतिघंटे 130 किलोमीटर निर्धारित की गई है
मध्य प्रदेश के चंद्रशेखर गौर की ओर से दायर आरटीआई का जवाब देते हुए रेलवे के अधिकारिकयों ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 180 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है लेकिन ट्रैक की स्थिति को देखते हुए कॉमर्शियल ऑपरेशन के लिए इसकी रफ्तार प्रतिघंटे 130 किलोमीटर पर निर्धारित की गई है। हालांकि, इस रफ्तार पर भी ट्रेन को नेटवर्क के ज्यादातर हिस्सों में नहीं चलाया जा सकता। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि इस तरह की ट्रेनों की रफ्तार ट्रैक की स्थिति पर निर्भर करती है।
चेन्नई में तैयार होते हैं इसके कोच
बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन इलेक्ट्रिक मल्टिपल यूनिट ट्रेन है जिसे भारतीय रेलवे संचालित कर रहा है। इस ट्रेन का डिजाइन रिसर्च डिजाइन एवं स्टैंडर्ड्स ऑर्गनाइजेशन (RDSO) ने किया है जबकि इसके कोचों का निर्माण चेन्नई में इंटेग्रल कोच फैक्टरी (ICF) की ओर से किया गया है।
नई दिल्ली-वाराणसी के बीच सबसे तेज दौड़ती है यह ट्रेन
आरटीआई के जवाब में कहा गया है कि मुंबई सीएसएमटी-साईनगर शिर्डी वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार सबसे कम है। यह ट्रेन करीब 64 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलती है। जबकि नई दिल्ली और वाराणसी के बीच चलने वाली देश की सबसे पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की रफ्तार औसतन 95 किलोमीटर प्रतिघंटे है। जबकि दूसरे स्थान पर रानी कमलापति (हबीबगंज) और हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत ट्रेन की औसत रफ्तार 95 किलोमीटर प्रतिघंटे है। अधिकारियों का कहना है कि वंदे भारत ट्रेनों की औसतन रफ्तार राजधानी और शताब्दी ट्रेनों से बहेतर है।
अधिकतम गति बनाकर नहीं रख सकते -रेलवे
रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, ‘यह बात समझनी होगी कि परिवहन का कोई भी साधन अपनी पूरी यात्रा में अधिकतम गति बनाकर नहीं रख सकता। यह जिस सतह पर चल रहा है, उसकी स्थिति बड़ा कारक होती है। प्रत्येक खंड में वंदे भारत ट्रेन की औसत गति उस खंड में चलने वाली सबसे तेज ट्रेन से अधिक है। उदाहरण के लिए यह आगरा कैंट और तुगलकाबाद के बीच 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम स्वीकार्य रफ्तार से दौड़ती है।’
