इत्र नगरी के तौर पर मशहूर उत्तर प्रदेश के कन्नौज में घर से लापता एक बच्ची लहूलुहान हालत में कराहती हुई मिली। सबसे हैरत की बात यह रही कि वह जब जमीन पर दर्द से छटपटा रही थी, तब उसके इर्द-गिर्द लोग तो थे पर वह उसका वीडियो बनाने में जुटे थे।
13 साल की पीड़िता के परिजन का आरोप है कि उसे गलत काम के इराद से अगवा किया गया। वह मिट्टी की गुल्लक खरीदने के लिए घर से निकली थी, पर जानकारी के मुताबिक 16 घंटे बाद वह बोल नहीं पा रही है।
घटना से जुड़ा वीडियो इतना विचलित करने वाला है कि हम उसे यहां शेयर भी नहीं कर सकते। कमजोर दिल वाले हो सकता है, उसे ठीक से देख भी न सकें। 25 सेकेंड की क्लिप में जमीन पर पड़ी नाबालिग के शरीर पर कई सारे जख्म मालूम पड़ रहे थे।
रविवार से लापता यह बच्ची मदद के लिए जब गुहार लगा रही थी, तब लोग अलग-अलग एंगल से उसका वीडियो बनाने में जुटे थे। हालांकि, वायरल क्लिप में इस बीच आवाज सुनाई देती है कि क्या पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया।
क्लिप में और कोई पुलिस प्रमुख का नंबर भी मांगता सुनाई पड़ा था, पर इस दौरान वीडियो क्लिप बनाने वाले टस से मस न हुए और वे वीडियो शूट करते रहे। उन्होंने बच्ची की मदद करने की जरा सी भी जहमत न उठाई। पुलिस के आने तक मासूम को इंतजार करना पड़ा।
घटना से जुड़ा एक और वीडियो भी सामने आया, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इसमें एक पुलिस वाला बच्ची को गोद में लेकर ऑटो-रिक्शा के पास लेकर भागता नजर आया।
पुलिस सुप्रिटेंडेंट कुंवर अनुपम सिंह के बयान के हवाले से कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया- नाबालिग घायल अवस्था में मिली थी और स्थानीय पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर दौड़ी। पीड़िता के परिजन की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है।
हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि उसके साथ यौन शोषण हुआ है या नहीं और न ही इस मामले में खबर लिखे जाने तक कोई गिरफ्तारी हुई है। वैसे, कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि परिजन को शक है कि बच्ची को गलत काम के इरादे से अगवा किया गया था।
