LPG Crisis in India: मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका -इजरायल के बीच जंग जारी है। जंग के कारण बढ़ते तनाव और ईंधन की आपूर्ति में आ रही रुकावटों के बीच भारत में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। कुवैत सबसे ज्यादा भारत को गैस निर्यात करता है लेकिन कुवैत से आयात पूरी तरह बंद हो चुका है। हारमोज जलडमरू मध्य की वजह से 30% गैस आयात में कमी आई है। देश के कई शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हो रही है। सबसे ज्यादा असर होटल ,रेस्टोरेंट और कैटरिंग इंडस्ट्री पर पड़ रहा है।
गैस एजेंसियों के बाहर लगी लाइन
एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में परेशानी को लेकर लोगों के बीच में अचानक घबराहट देखने को मिल रही है। गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन देखी जा रही हैं। लोग खाली सिलेंडर लेकर एजेंसियों के बाहर खड़े हैं और जल्दी से जल्दी गैस करवाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है ना तो ऑनलाइन गैस की बुकिंग हो पा रही है और ना ही एजेंसी पर जाकर गैस बुक करने के बाद उनको गैस मिल पा रही है। लोगों का कहना है की एजेंसी संचालकों का कहना है कि फिलहाल गैस नहीं है, जब गैस आएगी तो आपूर्ति की जाएगी और इसमें एक दो तीन दिन भी लगा सकते हैं।
बच्चों का स्कूल जाना हुआ बंद
नोएडा के सेक्टर 5 हरोला के गैस एजेंसी में आलम यह है कि गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े लोगों का कहना है कि उनके घरों में गैस खत्म होने के कारण खाना भी नहीं बन पा रहा, बच्चे स्कूल भी नहीं जा रहे। लोगों का कहना है कि एजेंसी संचालक ठीक से बता नहीं पा रहे हैं कि आखिर उनको गैस कब मिलेगी और इस युद्ध की वजह से उनके घरों में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई बाधित होने के चलते अब रसोई घर में चूल्हा भी नहीं जल का रहा है।
5000 रुपए तक मांगे जा रहे
लोगों को डर सता रहा है कि ना जाने अब उनको सिलेंडर कब मिलेगा। लोग सुबह से काम धंधे पर जाने की बजाय 4 बजे से ही गैस एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर खड़े हैं। हालांकि गैस एजेंसी का कहना है कि कोई दिक्कत नहीं है, परेशानी नहीं है, लोगों को गैस मिल रहा है लेकिन सच्चाई ये है कि लंबी लंबी लाइन गैस के लिए लगी हुई है। वहीं होटल और रेस्टोरेंट में भी इसको लेकर परेशानी हो रही है। कुछ ढाबे बंद के कगार पर हैं क्योंकि उन्हें गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं हो पा रही है। संचालक बता रहे हैं कि 5000 रुपए तक मांगे जा रहे हैं लेकिन फिर भी सप्लाइ नहीं है।
