देश

JK News: उधमपुर के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के बाद हुई मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने दो JeM के आतंकियों को मार गिराया

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। रामनगर के घने जंगलों में छिपे आतंकियों को ढेर करने के लिए सुरक्षाबलों ने आधुनिक तकनीक और रणनीतिक घेराबंदी का सहारा लिया है और दो आतंकियों को मार गिराया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे से ठीक पहले इस ऑपरेशन को सुरक्षा के लिहाज से बेहद बड़ी बात मानी जा रही है।

Image

मंगलवार से चल रहा सर्च ऑपरेशन (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Operation KIYA: जम्मू संभाग के उधमपुर जिले में बुधवार को दूसरे दिन भी आतंकियों के खिलाफ बड़ा सर्च ऑपरेशन जारी है। रामनगर इलाके के घने जंगलों और पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने आतंकियों को एक गुफा में घेर लिया है और दो को ढेर कर दिया है। दोनों जैश के कमांडर बताए जा रहे हैं। यह मुठभेड़ मंगलवार शाम से ही जारी थी, जब सुरक्षाबलों को इलाके में संदिग्धों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली।

ड्रोन और UAV से मिली सफलता

ऑपरेशन KIYA में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सुरक्षाबलों ने 'मानवरहित विमानों' (UAV) और ड्रोनों की मदद ली। ड्रोन कैमरों के जरिए ही यह पता चला कि आतंकी एक गुफा के भीतर छिपे हुए हैं और वहीं से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर रहे हैं। आतंकियों की सटीक लोकेशन मिलते ही जॉइंट फोर्स ने घेरा और सख्त कर दिया है ताकि अंधेरे या घने जंगलों का फायदा उठाकर वे भाग न सकें।

गुफा से हो रही फायरिंग

अधिकारियों के मुताबिक, आतंकी गुफा के भीतर से लगातार फायरिंग कर रहे हैं, जिसका सुरक्षाबल नपे-तुले अंदाज में जवाब दे रहे हैं और दो आतंकियों को मार दिया है। मारे गए आतंकी जैश के कमांडर थे, जिनकी पहचान मावी और जुबैर के तौर पर हुई है। घने जंगल और उबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण सुरक्षाबल फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं ताकि किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान से बचा जा सके। एहतियात के तौर पर आसपास के रिहायशी इलाकों के लोगों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी गई थी।

अमित शाह के दौरे से पहले बढ़ी सख्ती

यह ऑपरेशन ऐसे समय में हुआ जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 फरवरी से जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। अपने दौरे के दौरान वे अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा करेंगे और जम्मू में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। बता दें कि नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि इन आतंकियों को निष्क्रिय किया जाए, साथ ही सीमाओं पर शून्य घुसपैठ सुनिश्चित की जाए। बैठत में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक तपन कुमार डेका, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू, डीजीपी नलिन प्रभात, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article