Two LeT hybrid terrorists surrendered- जम्मू और कश्मीर में शोपियां के बसकुचन इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा शुरू किए गए एक अभियान के बाद इरफान बशीर और उजैर सलाम के रूप में पहचाने गए लश्कर के दो हाइब्रिड आतंकवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। उनके पास से दो एके-56 राइफलें, 4 मैगजीन, 102 राउंड (7.62x39 मिमी), 2 हैंड ग्रेनेड, 2 पाउच आदि बरामद किए गए हैं। शोपियां पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
कौन होते हैं हाइब्रिड आतंकवादी?
अधिकारियों ने इसे एक बड़ी ऑपरेशनल सफलता बताया। हाइब्रिड आतंकवादी वे होते हैं जो आतंकियों के रूप में सूचीबद्ध नहीं हैं, लेकिन आतंकवादी हमले को अंजाम देने और फिर सामान्य जीवन में वापस आने के लिए तैयार रहते हैं। ऑपरेशन का विवरण देते हुए अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बलों ने विशिष्ट इनपुट के बाद बुधवार रात पुंछ के बसकुचन क्षेत्र में एक घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) शुरू किया।
उन्होंने कहा, इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया था और पास के एक बाग में आतंकवादियों की आवाजाही देखी गई थी। सुरक्षाबलों की त्वरित और रणनीतिक कार्रवाई के कारण दो लश्कर हाइब्रिड आतंकवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिससे संभावित मुठभेड़ टल गई। उन्होंने कहा कि दोनों की पहचान इरफान बशीर और उजैर सलाम के रूप में हुई है।
उनके कब्जे से दो एके-56 राइफलें, चार मैगजीन, 102 राउंड, दो हथगोले, दो पाउच, 5,400 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक स्मार्टवॉच और एक आधार कार्ड बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
