देश

TMC में अचानक ये क्या हुआ? कल्याण बनर्जी ने लोकसभा में पार्टी के चीफ व्हिप से दिया इस्तीफा, अभिषेक बनर्जी बने सदन में तृणमूल के नेता

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को सोमवार को लोकसभा में अपना नेता नामित किया। तीन बार के सांसद बनर्जी वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय का स्थान लेंगे जो कोलकाता उत्तर से सांसद हैं। उन्होंने बताया कि बंदोपाध्याय को उनके खराब स्वास्थ्य के कारण इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।

Image

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी के साथ (फाइल फोटो- PTI)

ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस में अंदरखाने कुछ तो पक रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी के अंदर कुछ ठीक नहीं है, यही कारण है कि आज की मीटिंग के बाज जहां अचानक से ममता बनर्जी ने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी का कद बढ़ा दिया तो वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने लोकसभा में पार्टी के चीफ व्हिप के पद से इस्तीफा दे दिया।

ममता की मीटिंग के बाद कल्याण बनर्जी का इस्तीफा

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने सोमवार को कहा कि उन्होंने लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया है। बनर्जी का इस्तीफा पार्टी सहयोगी महुआ मोइत्रा और उनके बीच कथित तकरार के मध्य आया है। कल्याण बनर्जी ने अपने इस्तीफे की घोषणा पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी की अध्यक्षता में तृणमूल सांसदों की डिजिटल तरीके से आयोजित एक बैठक में भाग लेने के बाद की। बनर्जी ने एक समाचार चैनल से कहा, ‘‘मैंने लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक का पद छोड़ दिया है, क्योंकि 'दीदी' (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी) ने डिजिटल बैठक के दौरान कहा था कि पार्टी सांसदों के बीच समन्वय की कमी है। इसलिए दोष मुझ पर है। इसलिए, मैंने पद छोड़ने का फैसला किया है।’’

सुदीप बंदोपाध्याय की जगह अभिषेक बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को सोमवार को लोकसभा में अपना नेता नामित किया। यह जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी। सूत्रों ने बताया कि डायमंड हार्बर से तीन बार के सांसद बनर्जी वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय का स्थान लेंगे जो कोलकाता उत्तर से सांसद हैं। उन्होंने बताया कि बंदोपाध्याय को उनके खराब स्वास्थ्य के कारण इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।

ममता बनर्जी ने की थी आज मीटिंग

सूत्रों ने बताया कि यह फैसला तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों की डिजिटल तरीके से आयोजित एक बैठक में लिया गया। सूत्रों ने बताया कि बैठक में लोकसभा और राज्यसभा, दोनों के पार्टी सदस्य मौजूद थे। अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं। तृणमूल कांग्रेस के पास लोकसभा में 29 सीट हैं और यह विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का एक प्रमुख घटक दल है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article