Top News Today, 17 May 2023: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खरीफ सत्र 2023-24 के लिए 1.08 लाख करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी को बुधवार को मंजूरी दे दी। सरकार के इस कदम का मकसद उर्वरकों की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी को रोकना है उधर जम्मू के कुछ इलाकों से चरणबद्ध तरीके से सेना की वापसी की योजना फिलहाल रोक दी गई है। सीमा पार से किए जा रहे आतंकवादी हमलों के मद्देनजर सरकार ने इस योजना को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है वहीं अडानी ग्रुप-हिंडनबर्ग रिपोर्ट मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को बाजार नियामक सेबी (SEBI) को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 14 अगस्त तक का समय दिया है, पढ़ें आज शाम तक की बड़ी और अहम खबरें
आज की बड़ी और अहम खबरें
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में बीते तीन दिन से मंथन जारी है। कर्नाटक कांग्रेस के दोनों बड़े नेता सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे से लेकर दोनों की मुलाकात राहुल गांधी तक से हो चुकी है, लेकिन पार्टी की ओर से अभी तक सीएम के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। इस बीच कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने बड़ी घोषणा की है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खरीफ सत्र 2023-24 के लिए 1.08 लाख करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी को बुधवार को मंजूरी दे दी। सरकार के इस कदम का मकसद उर्वरकों की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी को रोकना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में खरीफ सत्र के लिए यूरिया पर 70,000 करोड़ रुपये और डीएपी एवं अन्य उर्वरकों के लिए 38,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
जम्मू के कुछ इलाकों से चरणबद्ध तरीके से सेना की वापसी की योजना फिलहाल रोक दी गई है। सीमा पार से किए जा रहे आतंकवादी हमलों के मद्देनजर सरकार ने इस योजना को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है। श्रीनगर में अधिकारियों ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि सरकार ने जम्मू के कुछ इलाकों में सेना के आतंकवाद विरोधी बल ‘राष्ट्रीय राइफल्स’ के जवानों की मौजूदगी घटाने और सुरक्षा व्यवस्था जम्मू-कश्मीर पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के हाथों में सौंपने की योजना बनाई थी।
एयर इंडिया के विमान के साथ मंगलवार को बड़ा हादसा हो सकता था। दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया के सिडनी जा रहा एयर इंडिया का यह विमान जब ऊंचाई पर था तो इसका सामना हवा के तेज झोंके से हुआ। हवा के झोंके (एयर टर्बुलेंस) इतने तेज थे कि यात्री विमान में हिचकोले खाने लगे। विमान के हिचकोले खाने से कई यात्रियों के जख्मी हो गए। विमान के सिडनी एयरपोर्ट पहुंचने पर घायल यात्रियों का इलाज किया गया।
पाकिस्तान में रार मची हुई है और अब इमरान खान के घर को घेरा गया है, पाकिस्तान पुलिस का दावा है कि 'आतंकियों' के छिपे होने का इनपुट मिला है, वहीं पाक सरकार ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बताया जा रहा है कि उनके लाहौर जमान पार्क स्थित घर को पुलिस ने घेर लिया है पंजाब प्रांत की सरकार ने उनसे कहा है कि वह आतंकियों को पुलिस को सौंप दें।
अडानी ग्रुप-हिंडनबर्ग रिपोर्ट मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को बाजार नियामक सेबी (SEBI) को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 14 अगस्त तक का समय दिया है। बता दें कि सेबी ने हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट की अपनी जांच पूरी करने के लिए शीर्ष अदालत से छह महीने का समय मांगा था। सेबी की इस अर्जी पर अपनी सुनवाई पूरी करने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल (Vicky Kaushal) ने बीते दिन 16 मई 2023 को अपना 35वां जन्मदिन मनाया है, इस मौके पर कैटरीना कैफ (Katrina Kaif) ने अपने हसबैंड के साथ रोमांटिक फोटोज शेयर की हैं। सोशल मीडिया पर कैटरीना और विक्की की ये फोटोज तेजी से वायरल हो रही हैं। विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान में शादी की थी। जिसके बाद से ही दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी क्यूट फोटोज शेयर करते हैं। फैंस दोनों की जोड़ी को सोशल मीडिया पर काफी पसंद करते हैं।
लखनऊ सुपरजायंट्स के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम को यादगार जीत दिलाने के बाद अपनी बीमारी का जिक्र करते हुए बताया कि अगर वह चिकित्सकों के पास सही समय पर नहीं पहुंचते तो उनका हाथ भी काटना पड़ सकता था। मुंबई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी। क्रीज पर टिम डेविड और कैमरन ग्रीन जैसे आक्रामक बल्लेबाज थे लेकिन मोहसिन ने शानदार गेंदबाजी कर टीम को यादगार जीत दिलायी।
