देश

Top News Today, 07 May 2023: IPL में सात हजारी बने विराट कोहली, पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बिगड़ेगा मौसम

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated May 7, 2023, 01:00 PM IST

Top News Headlines Today in Hindi, Aaj ki Taza Khabar 07 May 2023: भागदौड़ भरी जिंदगी में शायद आप कई खबरों से चूक जाते हों, ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं आज दोपहर 2 बजे तक की प्रमुख खबरों का लेखा-जोखा। पढ़ें आज के प्रमुख समाचार।

Image

Top News Today, 07 May 2023: IPL में सात हजारी बने विराट कोहली, पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बिगड़ेगा मौसम

Top Headlines @2PM: देश में चक्रवाती तूफान मोचा का असर साफ दिखने लगा है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक बारिश के आसार हैं तो वहीं ओडिशा के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों के समर्थन में खाफ पंचायतें उतर आई हैं। ये पंचायतें दिल्ली के लिए कूच कर चुकी हैं। इसके अलावा अदा शर्मा की फिल्म दे केरल स्टोरी को क्रिटिक्स और ऑडियंस से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। द केरल स्टोरी में अदा शर्मा, योगिता बिहानी, सोनिया बलानी और सिद्दी इधानी मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहींं विराट कोहली शनिवार को आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) इतिहास में 7000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरें...

मारे जाने से पहले उमेश पाल-अतीक की हुई थी बातचीत

24 फरवरी को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में उमेश पाल की हत्या हुई थी। सीसीटीवी फुटेज गवाह हैं कि हत्यारे किसी भी कीमत पर हत्या करने के लिए आमादा थे और वो अपने मकसद में कामयाब भी हो गए। 24 फरवरी से लेकर अगर बात आज की तारीख की करें तो अतीक अहमद और अशरफ अहमद मारे जा चुके हैं। अतीक का बेटा असद और एक शूटर गुलाम एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। लेकिन अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और बमबाज गुड्डू मुस्लिम के बारे में कुछ पता नहीं है, हालांकि अतीक का एक खास वकील सौलत हनीफ पुलिस रिमांड में है। इन सबके बीच एक सनसनीखेज जानकारी सामने आई है कि उमेश पाल की हत्या से ठीक पहले उसकी और अतीक अहमद की बातचीत भी हुई थी। पढ़ें पूरी खबर...

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बिगड़ेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र में पड़ने वाले कई जिलों में मौसम तेजी से बदल रहा है। यहां एक बार फिर बारिश के आसार बन रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पश्चिमी यूपी के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़ समेत कई जिलों में बारिश के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है। पढ़ें पूरी खबर...

सात हजारी बनने पर क्या बोले विराट कोहली?

विराट कोहली शनिवार को आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) इतिहास में 7000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए, लेकिन इस सुपरस्टार बल्लेबाज के लिए यह उनके शानदार करियर की ‘एक और’ उपलब्धि भर ही है। कोहली ने इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद कहा कि वह विनम्रता के साथ कड़ी मेहनत करना जारी रखना चाहते हैं। पढ़ें पूरी खबर...

अदा शर्मा की फिल्म ने मचाया गदर

विवादों के बीच अदा शर्मा (Ada Sharma) स्टारर द केरल स्टोरी (The Kerala Story) 5 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को क्रिटिक्स और ऑडियंस से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। द केरल स्टोरी में अदा शर्मा, योगिता बिहानी, सोनिया बलानी और सिद्दी इधानी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म ने ओपनिंग डे पर अच्छी शुरुआत की थी। फिल्म ने दूसरे दिन भी अच्छा बिजनेस किया। फिल्म ने पहले दिन 7 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था जिसकी वजह से इस साल की 5 वीं सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बन गई। पढ़ें पूरी खबर...

पहलवानों के समर्थन में उतरीं खाप पंचायतें

जंतर मंतर पर पहलवानों का धरना जारी है। सुप्रीम कोर्ट दखल के बाद भारतीय कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Sharan Singh)के खिलाफ केस दिल्ली पुलिस ने दर्ज कर लिया है। लेकिन पहलवानों का कहना है कि अंतिम न्याय तक संघर्ष करेंगे। इन सबके बीच अलग अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने जंतर मंतर पर अपनी मौजूदगी दर्द कराई और अब खाप पंचायतें (Khap Panchayat)भी समर्थन में आ गई हैं। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा की खाप पंचायतें दिल्ली आने के लिए कूच कर चुकी हैं लिहाजा दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं। बता दें कि बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट पिछले 2 हफ्तों से जंतर मंतर पर प्रदर्शन रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...
प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article