देश

Cold Wave: उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी, कोहरे ने भी थामी रफ्तार, जानिए आज का मौसम अपडेट

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jan 29, 2024, 01:08 PM IST

Today Weather updates: आज भी दिल्ली, यूपी, पंजाब सहित कई राज्यों में कड़ाके की ठंड जारी है। कोहरे के कारण दिल्ली में विमानों और ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है।

Image

उत्तर भारत में शीतलहर

Photo : PTI

Today Weather updates: महज एक दिन की राहत के बाद शीतलहर ने फिर से अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह भी उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी रहा और घने कोहरा भी बरकरार है। कई शहरों में ठंड और कोहरे ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। इससे आवाजाही पर भी असर पड़ा है। कई जगहों पर दृश्यता 500 मीटर ही है। दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का असर साफ दिख रहा है और कुछ दिनों तक इससे राहत के आसार नहीं हैं। आपको बता रहे हैं आज का मौसम अपडेट।

दिल्ली के कुछ हिस्सों में सुबह छाया रहा मध्यम कोहरा

दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार सुबह मध्यम कोहरा छाया रहा जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। सुबह साढ़े आठ बजे सफदरजंग और पालम दोनों जगहों पर दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई। उस समय सापेक्षिक आर्द्रता 99 प्रतिशत थी। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

आज भी दिल्ली, यूपी, पंजाब सहित कई राज्यों में कड़ाके की ठंड जारी है। कोहरे के कारण दिल्ली में विमानों और ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। कोहरे के कारण लोग वाहनों को धीमी गति से चला रहे हैं।

वहीं, आज जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में बर्फबारी हुई है।

हरियाणा, पंजाब में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब

हरियाणा और पंजाब में सोमवार को कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा। मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.7 डिग्री और 10 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला, फरीदकोट, लुधियाना और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: आठ डिग्री, 10.2 डिग्री, 7.2 डिग्री और आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन बठिंडा में 6.6 डिग्री तापमान के साथ रात में कड़ाके की ठंड महसूस की गई।

पंजाब के अमृतसर में शीतलहर के साथ घना कोहरा भी छाया रहा।

ऊटी में भी भीषण ठंड

नीलगिरी, तमिलनाडु के हिल स्टेशन ऊटी में तापमान में गिरावट जारी है जिसके कारण सुबह भारी ठंड पड़ रही है। लोग खुद को गर्म रखने के लिए अलाव के पास बैठ रहे हैं।

पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश की भविष्यवाणी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने रविवार को बताया कि 3 फरवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश की उम्मीद है और 30-31 जनवरी को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।

उत्तर प्रदेश-बिहार में कोहरा

आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार में घने से बहुत घना कोहरा रहेगा। इस दौरान कड़ाके की ठंड भी जारी रहेगी। उसके बाद धीरे-धीरे मौसम में सुधार होने की संभावना है। एजेंसी ने अपने दैनिक बुलेटिन में कहा रि लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ 30 जनवरी से और दूसरा 3 फरवरी से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

कहां-कहां होगी बारिश

आईएमडी ने कहा कि इस प्रभाव में अगले सात दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित- बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम, छिटपुट से लेकर काफी व्यापक बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है। 30-31 जनवरी को कश्मीर में और 31 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश/बर्फबारी की भी संभावना है। वहीं 31 जनवरी और 2 फरवरी के दौरान उत्तराखंड में हल्की/मध्यम छिटपुट बारिश/बर्फबारी और पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article