Jahangir Khan wife : पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के नेता जहांगीर खान की पत्नी सरीना को गिरफ्तार किया। सरीना की यह गिरफ्तारी फलता पुलिस स्टेशन पर हुए हमला मामले में हुई है। सरीना पर आरोप है कि उसने पुलिस स्टेशन पर हमला कर अपने पति खान को हिरासत से छुड़ाने की साजिश रची। इससे पहले खान को छुड़ाने के लिए फलता थाने पर धावा बोलने का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस ने खान की पत्नी को नामजद किया था।
इलाके में अशांति फैलाना चाहते थे प्रदर्शनकारी-पुलिस
बीते मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान थाने पर हमले की आशंका को देखते हुए पहले से ही सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। पुलिस का कहना है कि उसने समय रहते कार्रवाई करके किसी भी संभावित हमले को विफल कर दिया। जांचकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य जबरन आरोपी को छुड़ाना और इलाके में अशांति फैलाना था। जांचकर्ताओं ने बताया कि भीड़ फलता के शातोल कोलसा क्षेत्र में खान के घर के पास एकत्रित होकर थाने की ओर बढ़ी, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
भारत-नेपाल सीमा से हुई खान की गिरफ्तारी
अधिकारियों ने आरोप लगाया कि खान की पत्नी सोमवार से ही समर्थकों को जुटाने में सक्रिय थीं और इस संबंध में उनके खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांचकर्ताओं ने बताया कि जांच के दौरान खान की पत्नी के खिलाफ कई अन्य शिकायतें भी सामने आई हैं। पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच के आधार पर गिरफ्तारी सहित आगे और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। जहांगीर खान को आठ जून को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था। उन पर जबरन वसूली सहित कई आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस क्षेत्र में उनके कथित आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान चला रही है।
हमले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा-सीएम सुवेंदु
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि दक्षिण 24 परगना जिले के फलता पुलिस थाने पर कथित तौर पर धावा बोलकर हवालात में बंद तृणमूल कांग्रेस नेता जहांगीर खान को छुड़ाने की कोशिश में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुभेंदु ने पुलिस को सुरक्षाकर्मियों पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ भारत की संप्रभुता और एकता को खतरे में डालने का आरोप लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आरोपियों को बिना देरी सजा दिलाई जाए। फलता में राज्य सरकार के जनसंपर्क कार्यक्रम 'जनकल्याण शिविर’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि थाने में पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों पर हमले के कथित वीडियो में दिख रहे किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
