Terror Module Busted: पंजाब में अमृतसर में पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक नार्को-टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। इस दौरान अमृतसर पुलिस ने बिहार से बीकेआई के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बीकेआई के तीन गुर्गे नेपाल भागने की फिराक में थे, पर मौके पर अमृतसर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। बिहार के मधेपुरा के कुमारखंड पुलिस स्टेशन से तीन आरोपियों को पकड़ा गया है।
ग्रेनेड और हथियारों की डिलीवरी
बकौल पुलिस, खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई के आधार पर बिहार के मधेपुरा के कुमारखंड थाना क्षेत्र से तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। इन लोगों ने हाल ही में एक ऑपरेशन में बरामद ग्रेनेड और हथियारों की डिलीवरी की थी। गिरफ्तार किए गए बीकेआई के गुर्गे अमृतसर के खंडवाला और छेहरट्टा इलाकों में रहते हैं और उन्हें आगे की पूछताछ के लिए वापस लाया जा रहा है।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पुलिस पार्टी इन्हें लेकर आ रही है। ये लोग ग्रेनेड सप्लाई कर रहे थे इनके ठिकाने भी पता चले हैं। उनका कहना है कि जब से नशे के विरुद्ध मुहिम चलाई गयी है तब से ये लोग इन करवाई को अंजाम देते थे, जहां धमाका हुआ ये लोग वहीं के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि इनसे पूछताश की जाएगी। इनसे जानकारियां और भी मिलने की संभावना है।
