देश

Independence Day 2025: इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिखेगी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झलक

Independence Day 2025: लालकिला पर ध्वजारोहण के समय 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) द्वारा 21 तोपों की सलामी दी जाएगी, जिसमें स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन का इस्तेमाल होगा।

Image

स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिखेगी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झलक (फाइल फोटो- PTI)

Independence Day 2025: देश 15 अगस्त को 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का विशेष उत्सव मनाया जाएगा।

निमंत्रण पत्रों पर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो

IANS के अनुसार ‘ज्ञानपथ’ पर दृश्य सजावट और निमंत्रण पत्रों पर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो व ‘चिनाब ब्रिज’ की वॉटरमार्क छवि होगी, जो नए भारत के उदय का प्रतीक है। प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इस वर्ष का थीम “नया भारत” है, जो सरकार के विकसित भारत 2047 के विजन की दिशा में हो रही प्रगति को दर्शाएगा। समारोह का उद्देश्य एक समृद्ध, सुरक्षित और साहसी नए भारत के उदय का उत्सव मनाना और राष्ट्र को आगे बढ़ने की नई ऊर्जा प्रदान करना है।

गार्ड ऑफ ऑनर में 96 जवान

इस बार लालकिला पर गार्ड ऑफ ऑनर में 96 जवान (प्रत्येक—सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस से 24 जवान व एक-एक अधिकारी) शामिल होंगे। वायु सेना इस वर्ष के समारोह की कोऑर्डिनेटिंग सर्विस है। लालकिला पर ध्वजारोहण के समय 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) द्वारा 21 तोपों की सलामी दी जाएगी, जिसमें स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन का इस्तेमाल होगा। राष्ट्रीय ध्वज गार्ड के रूप में सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस के 128 जवान राष्ट्रीय सलामी देंगे।

एमआई-17 हेलीकॉप्टरों से फूलों की वर्षा

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ध्वजारोहण के तुरंत बाद वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों से फूलों की वर्षा की जाएगी। एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज के साथ और दूसरा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को दर्शाने वाले ध्वज के साथ दिखाई देगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद एनसीसी कैडेट्स और ‘माई भारत’ वॉलंटियर्स राष्ट्रगान गाएंगे। 2,500 कैडेट्स और वॉलंटियर्स ज्ञानपथ पर बैठकर ‘नया भारत’ का लोगो बनाएंगे। करीब 5,000 विशेष अतिथि लाल किले पर समारोह देखने आएंगे। इनमें स्पेशल ओलंपिक्स 2025 के भारतीय दल, अंतरराष्ट्रीय खेलों के विजेता, उत्कृष्ट किसान, बेहतरीन सरपंच, युवा लेखक, उद्यमी, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, स्वच्छता कर्मी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पुनर्वासित मजदूर, वॉलंटियर्स के प्रतिनिधि और आदिवासी बच्चे शामिल होंगे।

क्विज के लगभग 1,000 विजेता भी समारोह का बनेंगे हिस्सा

इनके अलावा विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से आए 1,500 लोग पारंपरिक परिधानों में उपस्थित रहेंगे। स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’, ‘नए भारत’, और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर निबंध, पेंटिंग, रील, और ऑनलाइन क्विज आयोजित किए गए हैं। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इन ऑनलाइन क्विज के लगभग 1,000 विजेता भी इस समारोह का हिस्सा होंगे। इस वर्ष पहली बार शाम को देशभर में 140 से अधिक स्थानों पर सेना, नौसेना, वायु सेना, तटरक्षक, एनसीसी और असम राइफल्स आदि के बैंड देशभक्ति धुनों से माहौल को जीवंत करेंगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article