देश

'वे द्रेशद्रोही हैं, हम नहीं...', PM मोदी पर जमकर बरसे खरगे; बोले- घुसपैठियों को रोकने में विफल रही भाजपा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें कांग्रेस पर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का विरोध कर घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया गया था। खरगे ने कहा कि भाजपा-नियंत्रित केंद्र सरकार और असम सरकार दोनों सुरक्षा प्रदान करने में विफल रही हैं और इसके लिए विपक्ष को कैसे जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें कांग्रेस पर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का विरोध कर घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया गया था। खरगे ने असम सरकार को 'देशद्रोही' करार देते हुए कहा कि जब केंद्र और असम, दोनों जगह भाजपा की सरकार है, तो अपनी नाकामियों के लिए विपक्ष को कैसे दोषी ठहरा सकते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कुछ कहा?

खरगे ने कहा कि भाजपा-नियंत्रित केंद्र सरकार और असम सरकार दोनों सुरक्षा प्रदान करने में विफल रही हैं, इसलिए उनके लिए विपक्ष पर दोष डालना तर्कसंगत नहीं है। खरगे ने कहा, ''केंद्र और असम, दोनों में ही उनकी सरकार है, जिसे वे डबल इंजन सरकार कहते हैं। अगर वे सुरक्षा प्रदान करने में विफल रहते हैं तो इसके लिए विपक्ष को कैसे जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। क्या हम वहां शासन कर रहे हैं? इसलिए, जब वे विफल हो जाते हैं, तो वे सारा दोष विपक्ष पर डाल देते हैं, और मैं इस तरह के बयान की निंदा करता हूं। वे गद्दार हैं, हम नहीं।''

भाजपा पर बरसे खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा देशहित में काम करेगी, लेकिन आतंकवादियों, घुसपैठियों या किसी भी राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों का समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा पर अवैध घुसपैठ को रोकने में अपनी विफलता के लिए दोष मढ़ने का आरोप लगाया। खरगे ने कहा, "हम देशहित में जो कुछ भी अच्छा होगा, वह करेंगे, लेकिन हम आतंकवादियों, घुसपैठियों या किसी और का समर्थन नहीं करेंगे। वह केवल दोष मढ़ रहे हैं, क्योंकि वह उन्हें रोकने में विफल रहे हैं।"

PM मोदी ने कांग्रेस पर साधा था निशाना

खरगे ने पीएम मोदी की गुवाहाटी की हालिया टिप्पणियों पर जवाब दिया। दरअसल, पीएम मोदी ने कहा था कि केंद्र सरकार अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है, जिसमें निर्वासन और घुसपैठियों की पहचान शामिल है। उन्होंने कांग्रेस पर इन उपायों का विरोध करने और "राष्ट्र-विरोधी" एजेंडा चलाने का आरोप लगाया था। पीएम मोदी ने कहा था, "केंद्र सरकार ने घुसपैठ रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाए हैं। अवैध घुसपैठियों को निर्वासित करने के साथ-साथ उनकी पहचान भी की जा रही है। हालांकि, कांग्रेस ने राष्ट्र-विरोधी एजेंडा अपना लिया है और इसका विरोध कर रही है।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article